
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन का जिक्र करते हुए भारत में जारी विरोध प्रदर्शनों और सियासत पर तीखी टिप्पणी की है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के एक बयान को लेकर यह मामला चर्चा में है। नेहा बोरा ने बांग्लादेश के छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा था कि बांग्लादेश ने उन्हें क्रांति का रास्ता दिखाया। अब इसी बयान पर सीएम योगी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सीएम योगी का बयान

बताते चले कि, सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लोकतंत्र में सत्ता तक पहुंचने का रास्ता जनता के जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं। उन्होंने बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली शक्तियों पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि कुछ ताकतें युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल देने के बजाय उन्हें अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं। उनके इस बयान को मौजूदा विरोध प्रदर्शनों और नेहा बोरा की टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है।
चुनाव सुधार और लोकतंत्र के नाम पर अस्थिरता फैलाने का आरोप
सीएम योगी ने अपने पोस्ट में चुनाव सुधार, न्याय और लोकतंत्र के नारों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नारों की आड़ में देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने भारत के लोकतंत्र की तुलना एक विशाल वटवृक्ष से करते हुए कहा कि इसकी जड़ें जनता के विश्वास में हैं। उनके मुताबिक, षड्यंत्रों के जरिए देश के लोकतंत्र को कमजोर नहीं किया जा सकता। सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब विरोध प्रदर्शनों और चुनाव सुधार जैसे मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी तेज है।
युवाओं को लेकर CM योगी का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, न कि किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए. उन्होंने अपने बयान में विपक्षी राजनीतिक ताकतों पर भी निशाना साधा। सीएम योगी ने कुछ नेताओं को ‘मारीच’ और ‘कालनेमि’ जैसे शब्दों से संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि ये ताकतें देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे लोगों को पहचान चुकी है और उनकी कथित सियासी साजिश सफल नहीं होने देगी।
नेहा बोरा ने बांग्लादेश के छात्र आंदोलन को लेकर क्या कहा था?

दरअसल, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने 14 अक्टूबर को बांग्लादेश के सोशलिस्ट स्टूडेंट्स फ्रंट (एसएसएफ) के छठे राष्ट्रीय सम्मेलन के मौके पर एक संदेश दिया था। इसमें उन्होंने कहा था, “बांग्लादेश ने हमें क्रांति का रास्ता दिखाया।” उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश के छात्र आंदोलन और भारत में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई। इसी संदर्भ में सीएम योगी ने भारत में सत्ता परिवर्तन के लिए अराजकता के रास्ते को गलत बताते हुए अपनी बात रखी।
बांग्लादेश में 2024 के छात्र आंदोलन के बाद बदल गई थी सत्ता
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर छात्र आंदोलन हुआ था। यह आंदोलन आगे चलकर व्यापक विरोध प्रदर्शन में बदल गया और इसके बाद वहां सत्ता परिवर्तन हुआ। तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था। आंदोलन के दौरान और उसके बाद बांग्लादेश के कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं भी सामने आई थी। अब नेहा बोरा के बयान और योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया ने इस मुद्दे को नई राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है। एक ओर बांग्लादेश के आंदोलन को लेकर बयान सामने आया है, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने भारत में लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन और जनादेश के महत्व पर जोर दिया है।











