CM Yogi Rally Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में गरजे योगी, कहा- ‘बेटियों की सुरक्षा से खेलने वालों को पाताल में भी जगह नहीं!’

मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 951 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने माफियाओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। सीएम ने गन्ना भुगतान का रिकॉर्ड पेश किया और युवाओं को पारदर्शी भर्ती व आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण (AI/रोबोटिक्स) का भरोसा दिलाया।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 13, 2026

CM Yogi Rally Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर की धरती से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास का नया रोडमैप पेश किया। उन्होंने अपराधियों को स्पष्ट संदेश देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार और किसानों के लिए खुशहाली का संकल्प दोहराया।

अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश का संकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि माफिया और अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि बेटियों की अस्मत के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए इस धरती पर कोई स्थान नहीं होगा। कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में बैरिकेडिंग के बजाय हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होती है। उन्होंने ‘बंटे थे तो कटे थे’ के नारे के साथ एकता का संदेश दिया और कानून-व्यवस्था के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति की पुष्टि की।

युवाओं को रोजगार की गारंटी

सीएम योगी ने युवाओं को आश्वस्त किया कि सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद और सिफारिश का दौर खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि 11 हजार युवाओं ने रोजगार के लिए पंजीकरण कराया है और नियुक्ति पत्र पाने वालों को बधाई दी। सरकार ‘सेंटर ऑफ इनोवेशन एंड ट्रेनिंग’ (CIIT) के माध्यम से युवाओं को एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मेहनत करने वाले युवाओं को अब पारदर्शिता के साथ अपनी योग्यता सिद्ध करने का पूरा अवसर मिलेगा।

गन्ना मूल्य के भुगतान में ऐतिहासिक वृद्धि

मुजफ्फरनगर के गुड़ और किसानों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए सीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 तक के 17 वर्षों के मुकाबले उनकी सरकार ने मात्र 9 वर्षों में 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान किया है, जो पिछली सरकारों से कहीं अधिक है। उन्होंने किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने की घोषणा की और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखने का वादा किया।

महापुरुषों का सम्मान और राष्ट्रीय एकता

मुख्यमंत्री ने समाज से आह्वान किया कि महापुरुषों को जातीय सीमाओं में न बांधें। उन्होंने महाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज और डॉ. आंबेडकर जैसे राष्ट्रनायकों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन वीरों ने देश और धर्म की रक्षा के लिए बलिदान दिया था, किसी जाति विशेष के लिए नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रनायकों का सम्मान सर्वोपरी होना चाहिए क्योंकि वे पूरे देश को दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं।

वैश्विक संकट और भारत की सुरक्षा

पाकिस्तान की बदहाली और वैश्विक अशांति का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज पड़ोसी देश भूख से जूझ रहा है, जबकि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित और समृद्ध है। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की स्थिर कीमतों और ‘विकसित भारत’ के संकल्प पर चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी नारी शक्ति वंदन अधिनियम और स्टार्टअप नीति की सराहना करते हुए इसे देश के भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। 951 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के साथ मुजफ्फरनगर अब समृद्धि के नए सोपान की ओर अग्रसर है।