UP News: अमरोहा में गरजे सीएम योगी ‘माफिया मिट्टी में मिल गए, कानून से खिलवाड़ करने वालों की जगह जेल या जहन्नुम’

अमरोहा दौरे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने 207 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बिचौलियों का अंत हुआ है और माफियाओं को मिट्टी में मिलाया जा रहा है। सीएम ने गन्ना किसानों की खुशहाली और बेहतर कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 18, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा जनपद के दौरे के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों पर जोरदार प्रहार किया। इस दौरे पर उन्होंने 207 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 42 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर अमरोहा की जनता को बड़ी सौगात दी। मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही स्थान शेष हैं—या तो जेल या फिर जहन्नुम। उन्होंने अपने पूर्व के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उनकी सरकार ने माफियाओं के खिलाफ पूरी तरह से जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और ‘माफियाओं को मिट्टी में मिला दिया है।’

सिंडिकेट के खात्मे का दावा

बताते चले कि, सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए ‘रामपुर सिंडिकेट’ और ‘सैफई सिंडिकेट’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले ये सिंडिकेट राज्य के युवाओं के रोजगार और अवसरों पर कुंडली मारकर बैठे थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार आने के बाद ऐसे तत्व दुम दबाकर अपने बिलों में छिप गए हैं। सीएम ने पूर्व पीएम के उस पुराने बयान की याद दिलाई, जिसमें कहा गया था कि दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में से गरीबों तक केवल 15 रुपये ही पहुँचते थे। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘डीबीटी’ (DBT) के माध्यम से 100 के 100 रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा हो रहे हैं, जिससे बीच के बिचौलियों का खेल पूरी तरह खत्म हो गया है।

2017 के पहले और बाद का अंतर

इसी कड़ी में आगे, किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले गन्ना किसानों का बुरा हाल था। उन्होंने दावा किया कि यदि वही पुरानी सरकारें सत्ता में होतीं, तो प्रदेश का चीनी उद्योग आज बंद होने की कगार पर पहुंच गया होता। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि आज एनडीए शासन में 122 चीनी मिलें सुचारू रूप से चल रही हैं। गन्ने का मूल्य जो पहले लगभग 300 रुपये प्रति क्विंटल था, उसे बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुँचाया गया है। मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे अधिक चीनी और एथेनॉल का उत्पादन करने वाला अग्रणी राज्य बन चुका है, जिससे किसान और उद्योग दोनों फली-फूली रहे हैं।

सुरक्षा का माहौल और बेहतर कनेक्टिविटी

विकास और सुरक्षा को एक साथ जोड़ते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश का माहौल पूरी तरह बदला है। उन्होंने कहा कि अब कांवड़ यात्रा और जन्माष्टमी जैसे पर्व बिना किसी बाधा या दंगों के शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने बेहतर सड़क नेटवर्क और गंगा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे अमरोहा की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिली है और दिल्ली-लखनऊ की दूरी सिमट गई है। उन्होंने अमरोहा के मशहूर फर्नीचर और ढोलक उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के तहत आज अमरोहा के इन उद्योगों ने न केवल देश में, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई और विशिष्ट पहचान स्थापित की है।