UP News: 1,375 युवाओं को नौकरी, CM योगी ने बताया अगला बड़ा लक्ष्य; सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य दोहराया और सपा पर तीखा हमला बोला। योगी ने ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने पर अतिरिक्त धनराशि देने, रोजगार सृजन और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 28, 2026

UP News:  लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।

छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य

UP News

बताते चले कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस के नेता नियुक्तियों की संख्या गिनते रहें, सरकार लगातार नियुक्ति पत्र बांटती रहेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक 20 सितंबर के बाद यह चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से दोबारा नियुक्ति प्रक्रिया के तहत नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।

सपा पर योगी का हमला, बोले- नए स्लोगन के साथ रंग बदल रही पार्टी

इसी कड़ी में आगे, मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने युवाओं, पिछड़ों और दलितों के अधिकारों को प्रभावित किया, वे अब नए स्वरूप और नए स्लोगन के साथ जनता के सामने आ रहे हैं। योगी ने आरोप लगाया कि ऐसे राजनीतिक दल भ्रम पैदा कर प्रदेश को अराजकता की ओर ले जाने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे दावों को लेकर सतर्क रहने की बात कही।

यूपी में कानून-व्यवस्था पर योगी का दावा

UP News

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले माफिया के प्रभाव से आम लोगों में भय का माहौल रहता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नागरिक सीना तानकर चलता है और माफिया सिर झुकाकर। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है और किसी गरीब की जमीन पर कब्जे या व्यापारी से फिरौती जैसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सरकारी नौकरी युवाओं और परिवारों के लिए खुशी का मौका

UP News

मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष और समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी नियुक्ति केवल एक युवा के लिए रोजगार का अवसर नहीं है, बल्कि इससे पूरे परिवार में खुशी आती है। योगी ने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का इस्तेमाल प्रदेश के विकास में करने के लिए बेहतर वातावरण मिल रहा है।

2017 से पहले सरकारी नौकरी में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं में सरकारी नौकरी को लेकर निराशा और असमंजस का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि योग्यता के बावजूद कई युवाओं को केवल पहुंच और सिफारिश के अभाव में अवसर नहीं मिल पाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया और अब तक करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।

भगत सिंह की जयंती पर रोजगार और गांवों के विकास का जिक्र

मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह की जयंती का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले भगत सिंह की उम्र उस समय महज 23 वर्ष थी। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं से उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेने की अपील की। सीएम योगी ने ग्रामीण विकास से जुड़े आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि 28 सितंबर 2023 को उत्तर प्रदेश के 57,600 से अधिक गांवों ने ओडीएफ प्लस का लक्ष्य हासिल किया था।

इंसेफेलाइटिस और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सपा पर निशाना

योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 जिलों में गंदगी और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण गरीब, दलित और पिछड़े परिवारों के बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ने गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज का दौरा तक नहीं किया था।

ग्राम पंचायतों में रोजगार और सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांवों में ग्राम सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी और कॉन्फ्रेंस रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ग्राम पंचायत अधिकारी, लेखपाल, ग्राम प्रधान और बीसी सखी जैसे लोगों के माध्यम से ग्रामीणों को कई सरकारी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा भवन, उचित दर की दुकान, वेयरहाउस और सामुदायिक शौचालय जैसी व्यवस्थाओं से भी ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

ग्राम पंचायत जितनी आय बढ़ाएगी, सरकार देगी उतनी अतिरिक्त धनराशि

योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को ग्रामीण विकास की अहम कड़ी बताते हुए कहा कि पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो ग्राम पंचायत जितनी आय अर्जित करेगी, सरकार उसे उतनी ही अतिरिक्त धनराशि देने की व्यवस्था करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से गांवों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

जल जीवन मिशन और स्वच्छ गांव पर मुख्यमंत्री का जोर

मुख्यमंत्री ने स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता को ग्रामीण स्वास्थ्य से जोड़ते हुए कहा कि सरकार हर घर नल योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने पर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं को प्लंबर प्रशिक्षण देने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर गांव में कोई नल की टोंटी चोरी कर ले जाए और उसकी मरम्मत न हो तो पानी बहता रहेगा और नुकसान गांव का ही होगा। उन्होंने युवाओं से गांवों के विकास के लिए नए विचार और नवाचार अपनाने की अपील की।

ओपी राजभर और सूर्य प्रताप शाही ने भी नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सरकार की तारीफ की

UP News

कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पिछली सरकार पर सरकारी नौकरियों में कथित लेनदेन का आरोप लगाया। वहीं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नियुक्तियां मिली हैं। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य, विधायक और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अधिकारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।