Yemen Houthi Attack : यमन में हूतियों का बड़ा हमला, अदन एयरपोर्ट और राष्ट्रपति भवन पर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें

यमन में हूतियों के ताजा हमले से तनाव बढ़ गया है। अदन एयरपोर्ट और राष्ट्रपति भवन परिसर पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का दावा किया गया। दूसरी ओर, सऊदी गठबंधन ने मदीना के ऊपर ड्रोन नष्ट करने की बात कही। आखिर इन हमलों के पीछे क्या है और हूती क्या कह रहे हैं?

Yemen Houthi Attack

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

अक्टूबर 31, 2026

Advertisements
728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

Yemen Houthi Attack : यमन में हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को एक बार फिर बड़े हमले कर क्षेत्रीय तनाव बढ़ा दिया। यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार के सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, हूतियों ने दक्षिणी शहर अदन स्थित हवाई अड्डे और राष्ट्रपति भवन परिसर अल-माशीक को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया। इन हमलों के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक प्रशासन ने किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

राष्ट्रपति भवन परिसर पर दो मिसाइलें दागने का दावा

यमन सरकार के सैन्य प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि हूती विद्रोहियों ने अदन एयरपोर्ट और अल-माशीक राष्ट्रपति भवन परिसर पर मिसाइल हमला किया। समाचार एजेंसी एएफपी से बातचीत में एक पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि राष्ट्रपति भवन परिसर को दो बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मिसाइलें अपने निर्धारित लक्ष्य पर गिरीं या नहीं।

धमाकों के बाद मौके पर पहुंचीं एंबुलेंस

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार को अदन शहर में दो जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। वहीं, दो प्रत्यक्षदर्शियों ने राष्ट्रपति भवन परिसर की ओर एंबुलेंस जाते हुए देखने की बात कही। इस परिसर में कई इमारतें मौजूद हैं। धमाकों के कुछ समय बाद एंबुलेंस पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक किसी घायल या मृतक की जानकारी नहीं दी गई है।

मदीना की ओर ड्रोन भेजने का सऊदी अरब का आरोप

अदन में मिसाइल हमलों के बीच सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने मदीना क्षेत्र के ऊपर एक ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। सऊदी और यमनी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह ड्रोन हूती विद्रोहियों की ओर से भेजा गया था। मदीना में स्थित मस्जिद-ए-नबवी इस्लाम के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में शामिल है। इससे पहले गठबंधन मक्का क्षेत्र में भी ड्रोन नष्ट करने का दावा कर चुका है।

728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

बुधवार को भी अदन एयरपोर्ट को बनाया गया था निशाना

शुक्रवार से पहले बुधवार को भी हूतियों ने अदन हवाई अड्डे पर हमला किया था। हमले से पहले संगठन ने लोगों को एयरपोर्ट से दूर चले जाने की चेतावनी दी थी। दक्षिणी यमन में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिहाज से अदन एयरपोर्ट बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में लगातार हो रहे हमलों से राहत और सहायता कार्यों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

मक्का और मदीना के आसपास पहले भी हमलों के आरोप

सऊदी अरब पहले भी हूतियों पर मक्का और मदीना के आसपास ड्रोन हमले की कोशिश करने का आरोप लगा चुका है। सितंबर में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने मक्का के दक्षिण में एक ड्रोन को रोककर नष्ट करने का दावा किया था। गठबंधन के मुताबिक, ड्रोन प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसे मक्का को निशाना बनाने की दूसरी कोशिश बताया गया था।

हूतियों ने सऊदी अरब पर हमले का आरोप किया खारिज

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सऊदी अरब की ओर ड्रोन भेजने के आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने सऊदी क्षेत्र के खिलाफ कोई नया सैन्य अभियान नहीं चलाया है। उनके मुताबिक, हूतियों के हमलों का निशाना केवल सऊदी अरब के तेल ठिकाने और सैन्य अड्डे रहे हैं। ऐसे में अदन हमले और मदीना ड्रोन विवाद के बीच क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है।

2