Women’s Day Special: हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन केवल महिलाओं के सम्मान का ही नहीं बल्कि उन उपलब्धियों को याद करने का भी अवसर है, जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और रचनात्मकता से समाज की सोच को बदल दिया। फैशन इंडस्ट्री भी इसका बेहतरीन उदाहरण है। कभी इस क्षेत्र को पुरुषों का प्रभुत्व वाला माना जाता था, लेकिन समय के साथ कई महिलाओं ने इसमें न सिर्फ अपनी जगह बनाई बल्कि इसे एक नई पहचान भी दी।
महिला फैशन डिजाइनर्स ने कपड़ों को केवल शरीर ढकने का माध्यम नहीं रहने दिया, बल्कि इसे आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और स्वतंत्रता का प्रतीक बना दिया। अपने अलग नजरिए और प्रयोगों से उन्होंने फैशन ट्रेंड्स को पूरी तरह बदल दिया। किसी ने सादगी को स्टाइल बनाया, तो किसी ने पारंपरिक डिजाइन को आधुनिक अंदाज के साथ पेश किया। महिला दिवस के इस खास मौके पर आइए जानते हैं दुनिया की 8 मशहूर महिला फैशन डिजाइनर्स के बारे में, जिन्होंने फैशन की दुनिया में बड़ा बदलाव लाया।
Vitamin Supplements: आयरन, जिंक और कैल्शियम, सप्लीमेंट्स लेने से पहले ये बातें जरूर जानें
कोको शनेल
कोको शनेल फैशन जगत की सबसे प्रभावशाली डिजाइनर्स में से एक मानी जाती हैं। उनका असली नाम गैब्रिएल बोनह्यूर शनेल था और उनका जन्म 1883 में फ्रांस में हुआ था। गरीबी में पली-बढ़ीं शनेल ने अनाथालय में सिलाई सीखी और इसी हुनर के दम पर फैशन की दुनिया में पहचान बनाई। उन्होंने 1910 में पेरिस में अपना ब्रांड शुरू किया और बाद में आरामदायक और स्टाइलिश कपड़ों के लिए मशहूर हुईं। उनका लॉन्च किया गया ‘लिटिल ब्लैक ड्रेस’ और Chanel No.5 परफ्यूम आज भी दुनियाभर में लोकप्रिय है।
डोनाटेला वर्साचे
डोनाटेला वर्साचे इटली के प्रसिद्ध फैशन हाउस Versace की क्रिएटिव डायरेक्टर हैं। उन्होंने अपने भाई जियानी वर्साचे के साथ काम किया और उनके निधन के बाद 1997 से ब्रांड की जिम्मेदारी संभाली। डोनाटेला के डिजाइन बोल्ड रंगों, ग्लैमरस सिल्हूट और हाई-फैशन स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। उनके डिजाइन रेड कार्पेट और सेलेब्रिटी इवेंट्स में खासे पसंद किए जाते हैं।
स्टेला मैककार्टनी
ब्रिटिश डिजाइनर स्टेला मैककार्टनी सस्टेनेबल और एथिकल फैशन को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने 2001 में अपना ब्रांड शुरू किया और खास बात यह है कि वे अपने डिजाइनों में लेदर या फर जैसे पशु-आधारित उत्पादों का इस्तेमाल नहीं करतीं। उनके कलेक्शन आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल फैशन का बेहतरीन उदाहरण हैं।
मीयुचा प्राडा
मीयुचा प्राडा लक्जरी फैशन ब्रांड Prada की क्रिएटिव हेड हैं। उनके डिजाइन मिनिमलिस्ट लेकिन बेहद प्रभावशाली होते हैं। उन्होंने साधारण फैब्रिक जैसे नायलॉन को भी लक्जरी फैशन का हिस्सा बना दिया। 1985 में लॉन्च किया गया उनका नायलॉन बैग काफी लोकप्रिय हुआ और आज भी प्राडा ब्रांड हाई-एंड फैशन में गिना जाता है।
विविएन वेस्टवुड
ब्रिटिश डिजाइनर विविएन वेस्टवुड को पंक फैशन की क्वीन कहा जाता है। उन्होंने 1971 में लंदन में अपनी पहली बुटीक शॉप खोली और 1981 में अपना पहला फैशन कलेक्शन पेश किया। उनके डिजाइन बगावती अंदाज, लेदर जैकेट, चेन और स्लोगन वाले कपड़ों के लिए मशहूर रहे। उन्होंने फैशन के जरिए सामाजिक और राजनीतिक संदेश भी दिए।
ऋतु कुमार

ऋतु कुमार भारत की सबसे प्रतिष्ठित फैशन डिजाइनर्स में से एक हैं। उन्होंने 1960 के दशक में कोलकाता से अपने करियर की शुरुआत की और भारतीय पारंपरिक टेक्सटाइल को आधुनिक रूप देकर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उनकी डिजाइन खासतौर पर हैंड-ब्लॉक प्रिंट और पारंपरिक कारीगरी के लिए जानी जाती हैं।
वेरा वांग
अमेरिकी डिजाइनर वेरा वांग का नाम खासकर ब्राइडल वियर के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने 1990 में न्यूयॉर्क में अपनी ब्राइडल बुटीक शुरू की। उनके डिजाइन शाही और बेहद आकर्षक होते हैं, जिन्हें शादी और बड़े आयोजनों में खास तौर पर पसंद किया जाता है।
अनिता डोंगरे
भारतीय डिजाइनर अनिता डोंगरे ने मुंबई से अपने करियर की शुरुआत की और आज उनका ब्रांड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। वे पारंपरिक भारतीय कारीगरी को आधुनिक फैशन के साथ जोड़ने के लिए जानी जाती हैं। उनके ब्रांड के अलग-अलग लेबल्स जैसे AND, Global Desi और Signature Couture काफी लोकप्रिय हैं। इन सभी महिला डिजाइनर्स ने अपने हुनर और मेहनत से फैशन इंडस्ट्री में नई दिशा दी है और दुनिया भर की महिलाओं को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा भी दी है।
Health Tips: नींबू नहीं, कलौंजी है ये सुपरफूड, रोजाना खाने के जाने फायदे










