WI vs NZ ODI Series: वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के बीच कैरेबियाई टीम ने बड़ा फैसला लिया है। चोट के कारण बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर को टीम में शामिल किया गया है। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला वेस्टइंडीज के नाम रहा था, जिसमें मेजबान टीम ने शानदार जीत दर्ज की। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 13 जुलाई को खेला जाना है। इस मैच से पहले टीम में बदलाव किया गया है, जिससे वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ICC Player of the Month की दौड़ में भारत के दो सितारे, सामने आए नाम
पीठ की चोट के चलते बाहर हुए जस्टिन ग्रीव्स
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने जानकारी दी कि जस्टिन ग्रीव्स को पीठ में चोट लगी है। इसी वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में भी मैदान पर नहीं उतर पाए थे। ग्रीव्स अब अपनी चोट से उबरने के लिए बारबाडोस लौट गए हैं, जहां वह रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया जारी रखेंगे। टीम मैनेजमेंट ने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैचों और पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले उनकी फिटनेस का दोबारा मूल्यांकन किया जाएगा।
ग्रीव्स का हालिया प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ खेले गए अपने पिछले टेस्ट मुकाबले में 180 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के दम पर उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी मिला था।
लंबे समय बाद ODI क्रिकेट में वापसी करेंगे हेटमायर
शिमरोन हेटमायर की टीम में वापसी को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। वह लंबे समय से वनडे क्रिकेट से दूर हैं और उन्होंने अपना आखिरी ODI मुकाबला जून 2025 में खेला था। हाल ही में उन्हें श्रीलंका के खिलाफ वेस्टइंडीज की वनडे टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उस सीरीज में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था।
न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए भी हेटमायर को पहले टीम में शामिल नहीं किया गया था। इसकी वजह यह थी कि वह मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में सिएटल ओर्कास के साथ अपना कार्यकाल पूरा कर रहे थे। अब जस्टिन ग्रीव्स के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया है।
पहले वनडे में वेस्टइंडीज ने बनाई बढ़त
न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही सीरीज में वेस्टइंडीज ने शानदार शुरुआत की है। पहले वनडे मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज के शुरुआती तीन वनडे मुकाबले प्रोविडेंस में खेले जाएंगे, जबकि अंतिम दो मैच ब्रिजटाउन में आयोजित होंगे। क्रिकेट वेस्टइंडीज जल्द ही आखिरी दो मुकाबलों के लिए टीम का ऐलान करेगा।
पांच मैच प्वाइंट गंवाने के बाद नोस्कोवा की शानदार वापसी, बनीं चैंपियन
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन वनडे के लिए वेस्टइंडीज टीम
वेस्टइंडीज की घोषित टीम में कप्तान और विकेटकीपर शे होप के अलावा अकीम ऑगस्टे, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरॉन हेटमायर, अमीर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड और जेडन सील्स शामिल हैं। हेटमायर की वापसी से वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी लाइनअप को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि वह लंबे अंतराल के बाद वनडे क्रिकेट में कैसा प्रदर्शन करते हैं।










