WhatsApp Storage Update: व्हाट्सऐप अपने यूजर्स के लिए चैट बैकअप को और आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। अब तक एंड्रॉयड यूजर्स चैट बैकअप के लिए गूगल ड्राइव और आईफोन यूजर्स iCloud का इस्तेमाल करते थे, लेकिन आने वाले समय में कंपनी अपना खुद का क्लाउड स्टोरेज प्लेटफॉर्म लॉन्च कर सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नए फीचर के आने के बाद यूजर्स के पास चैट बैकअप के लिए एक अतिरिक्त विकल्प होगा। यानी गूगल ड्राइव और iCloud के अलावा WhatsApp की अपनी क्लाउड सेवा भी उपलब्ध होगी, जहां यूजर्स अपनी चैट सुरक्षित रख सकेंगे।
कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदने का मौका, चंडीगढ़ में 79 प्रॉपर्टी की ई-ऑक्शन; 15 जुलाई से जमा होगा डिपॉजिट
एंड्रॉयड और iPhone दोनों यूजर्स को मिलेगा फायदा
बताया जा रहा है कि WhatsApp का नया क्लाउड स्टोरेज सिर्फ एंड्रॉयड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि iPhone यूजर्स भी इसका उपयोग कर सकेंगे। इससे उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनकी क्लाउड स्टोरेज जल्दी भर जाती है और बैकअप लेने में परेशानी होती है। खास तौर पर iPhone यूजर्स के लिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है, क्योंकि Apple की ओर से मिलने वाली मुफ्त iCloud स्टोरेज सीमित होती है।
iCloud की स्टोरेज समस्या से मिलेगी राहत
बताते चलें कि, Apple अपने यूजर्स को केवल 5GB मुफ्त iCloud स्टोरेज देता है। इसी स्टोरेज में फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट, ऐप डेटा, डिवाइस बैकअप और WhatsApp चैट बैकअप भी सेव होते हैं। ऐसे में स्टोरेज जल्दी भर जाती है। इसके बाद या तो अनावश्यक फाइलें हटानी पड़ती हैं या अतिरिक्त स्टोरेज खरीदनी पड़ती है। Apple के सबसे बेसिक पेड प्लान में लगभग 50GB स्टोरेज के लिए हर महीने करीब 100 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। WhatsApp का अपना क्लाउड आने के बाद यूजर्स को इस अतिरिक्त खर्च से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।
शुरुआती प्लान में मिलेगी मुफ्त स्टोरेज
जानकारी के अनुसार, WhatsApp अपने क्लाउड स्टोरेज के साथ 2GB तक मुफ्त स्पेस दे सकता है। इस स्पेस का उपयोग यूजर्स अपनी चैट का बैकअप सुरक्षित रखने के लिए कर सकेंगे। अगर किसी यूजर को अधिक स्टोरेज की जरूरत होगी, तो कंपनी पेड प्लान भी उपलब्ध कराएगी।
पेड प्लान में मिलेगी ज्यादा स्टोरेज
जानकारी के अनुसार, WhatsApp लगभग 1 डॉलर (करीब 95 रुपये) प्रति माह में 50GB स्टोरेज का प्लान पेश कर सकता है। इसके अलावा ज्यादा डेटा रखने वाले यूजर्स के लिए 1TB तक का स्टोरेज प्लान भी उपलब्ध कराया जा सकता है। हालांकि, बड़े प्लान के लिए मासिक शुल्क अधिक होगा।
सुरक्षा पर रहेगा खास फोकस
WhatsApp का नया क्लाउड स्टोरेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ आएगा। इसका मतलब है कि चैट बैकअप भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और किसी तीसरे पक्ष के लिए उसे पढ़ पाना संभव नहीं होगा। जहां iCloud में एडवांस एन्क्रिप्शन फीचर को अलग से सक्रिय करना पड़ता है, वहीं WhatsApp में यह सुविधा डिफॉल्ट रूप से चालू रहेगी। यूजर्स इसे बंद भी नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा बैकअप को पासकी, पासवर्ड और एन्क्रिप्शन की जैसी अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाओं से भी सुरक्षित किया जा सकेगा।
जगन्नाथ रथ यात्रा का अहम पड़ाव, आज श्रीमंदिर के समक्ष लाए जाएंगे तीनों रथ; कल होगी मौसीबाड़ी यात्रा
कब तक मिलेगा नया फीचर?
फिलहाल WhatsApp इस नए क्लाउड स्टोरेज सिस्टम पर काम कर रहा है। अभी इसकी सार्वजनिक टेस्टिंग शुरू नहीं हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फीचर को पूरी तरह तैयार होने और सभी यूजर्स तक पहुंचने में अभी कुछ सप्ताह का समय लग सकता है। लॉन्च के बाद यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से एंड्रॉयड और iPhone दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा सकती है।










