West Bengal Assembly elections 2026: भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट, 3 सीटों पर बदले प्रत्याशी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने 5 नए उम्मीदवारों का ऐलान करने के साथ 3 सीटों पर संशोधित सूची जारी की है। इसके साथ ही भाजपा अब तक 292 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

West Bengal Assembly elections 2026

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 5, 2026

West Bengal Assembly elections 2026: पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दल जनता को साधने के लिए जोर-शोर से चुनावी मैदान में डट गए हैं। इसी गहमागहमी के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की मुहर के बाद इस सूची में 5 नए चेहरों के नाम का ऐलान किया गया है। इसके अलावा, पार्टी की ओर से तीन सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की एक संशोधित सूची (रिवाइज्ड लिस्ट) भी जारी की गई है, जिससे कुछ समीकरणों में बदलाव आया है।

जानिए किसे कहां से मिला चुनावी टिकट?

बताते चले कि, भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी की गई ताजा लिस्ट पर नजर डालें तो पार्टी ने कल्याणी विधानसभा क्षेत्र से अनुपम बिस्वास को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, दम दम उत्तर से सौरव सिकदार, मध्यमग्राम से अनिंद्रद्य राजू बनर्जी और उलुबेरिया पूर्व से रुद्रप्रसाद बनर्जी चुनावी मैदान में भाजपा की ओर से ताल ठोकेंगे। इसके अलावा, जिन तीन विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों को बदला गया है, उनकी संशोधित सूची के अनुसार अब बशीरहाट उत्तर से कौशिक सिद्धार्थ को उतारा गया है। विष्णुपुर सीट से अभिजीत सरदार और बेहाला पूर्व विधानसभा क्षेत्र से शंकर सिकदार को नया टिकट थमाया गया है।

294 सदस्यीय विधानसभा की 292 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान पूरा

ताजा सूची सामने आने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 292 निर्वाचन क्षेत्रों पर अपने सूरमाओं के नामों की घोषणा पूरी कर दी है। पार्टी ने इस चुनावी समर की शुरुआत बहुत सधे हुए अंदाज में की थी। याद दिला दें कि पहली सूची में बीजेपी ने सर्वाधिक 144 उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए थे। इसके बाद दूसरी लिस्ट में 111, तीसरी सूची में 19 और चौथी लिस्ट के जरिए 13 प्रत्याशियों के नाम जनता के सामने रखे गए थे। इस तरह अब पार्टी पूरी ताकत से चुनावी जंग में कूद चुकी है।

कूच बिहार रैली से प्रधानमंत्री करेंगे चुनावी शंखनाद

पश्चिम बंगाल के इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में सीधे तौर पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और चुनौती दे रही बीजेपी के बीच जोरदार टक्कर होने के आसार साफ नजर आ रहे हैं। इस महामुकाबले को धार देने के लिए देश भर से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का बंगाल दौरा जारी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अप्रैल को सूबे के कूच बिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। 2026 के इस विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बंगाल की धरती पर पीएम मोदी की यह पहली चुनावी रैली होगी। कूच बिहार का इलाका बीजेपी के लिए बेहद खास है क्योंकि 2021 के पिछले चुनावों में पार्टी ने यहां की 9 में से 8 सीटों पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी।

दो चरणों में डाले जाएंगे वोट, 4 मई को आएंगे नतीजे

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की सभी सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए दो चरणों में वोटिंग कराई जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को संपन्न होगा। पूरे राज्य के चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इस बीच, राजनीतिक गलियारों में बड़े नेताओं के दौरों और तीखी जुबानी जंग ने बंगाल के सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।