Cocktail 2 Box Office Collection: ‘वेलकम टू द जंगल’ ने हिलाया बॉक्स ऑफिस, ‘कॉकटेल 2’ पर बड़ा असर

अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत करते हुए पहले दिन 18.75 करोड़ कमाए। वहीं, शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना की 'कॉकटेल 2' अब अपने आठवें दिन 75 करोड़ का नेट कलेक्शन पार कर चुकी है। क्या 'वेलकम' के शोर के बीच 'कॉकटेल 2' अपना 135 करोड़ का लक्ष्य हासिल कर पाएगी?

Cocktail 2 Box Office Collection

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 27, 2026

Cocktail 2 Box Office Collection: अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी होने के कारण दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्साह था। फिल्म में 34 सितारों की लंबी-चौड़ी स्टारकास्ट है, जिसके चलते यह रिलीज से पहले ही सुर्खियों में थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए पहले दिन 18.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और 22.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं, वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में फिल्म ने पहले ही दिन 29 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा छू लिया है। क्रिटिक्स और सोशल मीडिया पर फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिल रहे हैं, लेकिन ओपनिंग के लिहाज से यह एक सकारात्मक शुरुआत मानी जा रही है।

कॉकटेल 2 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

वही दूसरी ओर, शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना अभिनीत ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म को रिलीज हुए 8 दिन हो चुके हैं और अब यह अपने बजट के लक्ष्य की ओर धीरे-धीरे बढ़ रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने आठवें दिन यानी शुक्रवार को भारत में 4.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इसी के साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 74.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, 135 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट को पूरा करने के लिए फिल्म को अभी लंबी दूरी तय करनी है, लेकिन ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी बड़ी फिल्म के आने के बाद भी ‘कॉकटेल 2’ की कमाई का सिलसिला थमा नहीं है।

फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई और ग्रॉस कलेक्शन

‘कॉकटेल 2’ की वैश्विक स्तर पर स्थिति पर नजर डालें तो फिल्म ने वर्ल्डवाइड कमाई में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। फिल्म ने 114.67 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन पार कर लिया है। इसमें भारत का ग्रॉस कलेक्शन 89.17 करोड़ और ओवरसीज (विदेशी) बाजार से आई 25.50 करोड़ रुपये की राशि शामिल है। फिल्म 5,965 शोज के साथ अभी भी सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच बनी हुई है। हालांकि, रिलीज के शुरुआती दिनों में फिल्म की रफ्तार काफी तेज थी, लेकिन नई रिलीज के शोर के बीच अब इसमें थोड़ी गिरावट देखी जा रही है।

कमाई के ग्राफ में आई उतार-चढ़ाव

अगर ‘कॉकटेल 2’ की पिछले सात दिनों की कमाई पर गौर करें, तो फिल्म ने पहले दिन 13.50 करोड़ और दूसरे दिन 16.25 करोड़ का नेट कलेक्शन दर्ज किया था। तीसरे दिन फिल्म अपने पीक पर थी और 17.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद चौथे और पांचवें दिन कमाई स्थिर होकर 6.75 करोड़ पर रही। छठे दिन यह गिरकर 5.25 करोड़ और सातवें दिन 4.25 करोड़ रुपये पर आ गई। कुल मिलाकर, ‘वेलकम टू द जंगल’ की एंट्री के बाद अब बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच दर्शकों को खींचने की होड़ शुरू हो गई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘कॉकटेल 2’ आने वाले दिनों में अपने 135 करोड़ के बजट के लक्ष्य को छू पाएगी या नहीं।