Weather Update: उत्तर भारत में मानसून की सुस्ती के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने देश के बड़े हिस्से में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव का संकेत दिया है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) विकसित हो गया है। इसके प्रभाव से अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मानसून की रफ्तार तेज होगी और व्यापक रूप से भारी बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में देश के 15 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का तात्कालिक अलर्ट भी जारी किया है।
Weather Update: दिल्ली का मौसम बना मुसीबत, बारिश नहीं… उमस ने बढ़ाई बेचैनी
पूर्वी भारत और ओडिशा में रेड अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का सबसे ज्यादा असर ओडिशा और पश्चिम बंगाल पर देखने को मिल रहा है। इसके चलते पुरी में चल रही जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और भारी बारिश बाधा बन सकती है।
ओडिशा और बंगाल: ओडिशा में 16 और 17 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड और सिक्किम में 16 से 18 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा।
बिहार में भारी बारिश: बिहार के लोगों के लिए राहत और आफत दोनों साथ आ रही है। राज्य में 16 से 20 जुलाई के दौरान कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली-पंजाब में उमस के बाद 19 से झमाझम
फिलहाल दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लोग उमस और गर्म रातों से परेशान हैं, लेकिन यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है।
पहाड़ी राज्य: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 से 21 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है, जिससे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
मैदानी इलाके: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 21 जुलाई के बीच मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
पूर्वोत्तर, मध्य और पश्चिम भारत का मौसम पूर्वानुमान
पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 21 जुलाई के बीच मूसलाधार बारिश का दौर चलेगा। खासकर असम और मेघालय में छिटपुट स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट है।
मध्य भारत: छत्तीसगढ़ में 16 से 21 जुलाई तक लगातार बारिश होगी, जहां 16 जुलाई को कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 और 21 जुलाई को मानसून रफ्तार पकड़ेगा, जबकि विदर्भ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट वर्षा होगी।
पश्चिम भारत: कोंकण और गोवा के तटीय इलाकों में 16 से 21 जुलाई तक व्यापक और भारी बारिश जारी रहेगी। इसके अलावा गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
Weather Update: राजस्थान में थमा मानसून, 16 जुलाई से फिर भारी बारिश के आसार










