Weather Update: उत्तर प्रदेश में फिर बिगड़ेगा मौसम, लखनऊ-आगरा समेत 65 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट!

यूपी में झमाझम बारिश से गर्मी का असर कम हो गया है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज लखनऊ समेत प्रदेश के 65 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का 'यलो अलर्ट' जारी किया है।

Weather Today

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जून 1, 2026

Weather Update: उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मई के अंतिम दिनों में हुई झमाझम बारिश और ओलावृष्टि के बाद प्रदेश का तापमान तेजी से गिरा है, जिससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज 1 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का कहर या राहत? 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी

लखनऊ से आगरा तक अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तर प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है कि राज्य में अभी भी चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) का प्रभाव बना हुआ है। इसके कारण आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। विभाग ने राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के 65 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

किन जिलों में है बारिश का यलो अलर्ट?

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है—नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मुरादाबाद, बिजनौर, हापुड़, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, बरेली और बदायूं जैसे जिलों में आंधी-पानी की प्रबल संभावना है।

राजधानी लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, प्रयागराज, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, बस्ती, वाराणसी, जौनपुर, सुल्तानपुर, बलिया और आसपास के क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने का अलर्ट है।

कैसा रहेगा राजधानी लखनऊ का मौसम?

राजधानी लखनऊ में आज सुबह मौसम के साफ रहने के बावजूद, दोपहर या शाम तक बादलों के छाने की उम्मीद है। यहां का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश के अन्य बड़े शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, अयोध्या और वाराणसी में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

कब तक मिलेगी राहत और तापमान का हाल?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बारिश की यह सक्रियता अभी 6 जून तक बनी रह सकती है, हालांकि इसके बाद बारिश की तीव्रता कम होने लगेगी।

अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान धीरे-धीरे ऊपर चढ़ना शुरू होगा। अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। तराई वाले क्षेत्रों में अगले 24 घंटों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद वहां भी पारा 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। कुल मिलाकर, लोगों को अगले कुछ दिन सुहाने मौसम का आनंद लेने को मिलेगा, जिसके बाद पुनः गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर देगी।

Weather Update: दिल्ली-NCR में फिर बदला मौसम, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; जानें आज कैसा रहेगा तापमान