Weather Update: यूपी के कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य, मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग ने बरेली से वाराणसी और गोरखपुर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जनवरी 6, 2026

Weather Update: उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। बर्फीली हवाओं ने तापमान को नीचे गिरा दिया है, वहीं घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में सुबह से ही धूप नहीं निकल पा रही है और लोग ठंड से कांपने पर मजबूर हैं।

Weather Update: घने कोहरे की चादर में छिपा ताजमहल, कड़ाके की ठंड से कांपी ताजनगरी

मौसम विभाग की चेतावनी

Weather Update
यूपी के कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 जनवरी को भी प्रदेश में शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है। पश्चिमी यूपी के जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पूर्वांचल के कई जिलों में अत्यंत घना कोहरा छाने का अलर्ट दिया गया है। इन इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंचने की संभावना है, जिससे यातायात और जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

इटावा सबसे ठंडा जिला

बीते 24 घंटों में इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। इसके अलावा बहराइच, गोरखपुर, सुल्तानपुर और आजमगढ़ भी ठंड से प्रभावित रहे, जहां न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

घने कोहरे से प्रभावित जिले

मौसम विभाग ने बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, संत कबीर नगर और गोरखपुर में घने से अत्यंत घना कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में विजिबिलिटी शून्य रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं दूसरी ओर बरेली, पीलीभीत, अयोध्या, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, देवरिया, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मीरजापुर, प्रयागराज, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर में भी घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

राजधानी लखनऊ और एनसीआर का हाल

Weather Update
यूपी के कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य

राजधानी लखनऊ में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत नहीं दी। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में कोहरे से मामूली राहत मिली, लेकिन बर्फीली हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इसके बाद कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है। हालांकि ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा और लोगों को सर्दी से बचाव के लिए सतर्क रहना होगा।

Weather Update: यूपी में 7 दिनों तक ‘कोल्ड वेव’ का कहर, जानें किन राज्यों में होगी बारिश और बर्फबारी