Weather Update: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर बना हुआ है। आगरा, बांदा, झांसी और आसपास के इलाकों में गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। दिन के समय तेज धूप और तपती हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दे रहा है। वहीं रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही, जिससे लोगों की परेशानी और बेचैनी बढ़ गई है।
भीषण गर्मी के बीच कई शहरों में बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। लगातार बिजली बाधित होने से लोगों को गर्मी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के अनेक जिलों के लिए लू और अत्यधिक गर्मी की चेतावनी जारी की है।
बालाघाट के सांदीपनि विद्यालय का छात्र जाएगा नासा, शैक्ष्रणिक भ्रमण के लिए हुआ चयन
कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में उष्ण लहर और तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में अत्यधिक गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में दोपहर के समय तापमान बेहद ऊंचा रहने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। झांसी, महोबा, ललितपुर, संत कबीर नगर, सोनभद्र और मिर्जापुर में भी लू का प्रभाव बना रहने की चेतावनी दी गई है।
राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में बढ़ी परेशानी

राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय भी उमस और गर्मी बनी रहने की संभावना है।
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया जैसे जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी लोगों को गर्म रातों और लू जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।
श्रमिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारा दायित्व-मंत्री पटेल
अगले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। 26 मई तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। हालांकि 27 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में कोई विशेष गिरावट आने की उम्मीद नहीं है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और लू का असर जारी रहेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी हवाओं और तेज धूप के कारण अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। दूसरी ओर बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर फेल होने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लखनऊ, कानपुर, नोएडा और आगरा सहित कई शहरों में लोग बिजली संकट को लेकर नाराज नजर आ रहे हैं।










