Weather Update: हिमाचल प्रदेश में बिगड़ेगा मौसम, तेज आंधी के साथ बर्फबारी और बारिश का अनुमान

26 जनवरी की रात से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 27 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की संभावना है। शिमला, मनाली समेत कई जिलों में मौसम अलर्ट जारी किया गया है।

Weather Update

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जनवरी 27, 2026

Weather Update: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिज़ाज बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 जनवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने जा रही है, जिसका असर 28 जनवरी तक प्रदेश भर में देखने को मिलेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात होने की संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदलाव से ठंड और अधिक बढ़ेगी और कई इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है।

IMD Weather News: कश्मीर से हिमाचल तक बर्फबारी, गणतंत्र दिवस पर बारिश का अलर्ट

पर्यटन स्थलों पर मौसम का असर

Weather Update
हिमाचल प्रदेश में बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 जनवरी को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ उनसे सटे मध्य पर्वतीय इलाकों में हिमपात की प्रबल संभावना है। पर्यटन स्थल नालदेहरा, मनाली, शिमला, कुफरी, नारकंडा और सोलांग वैली में बर्फबारी हो सकती है, जिससे सैलानियों को ठंड और यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान में आई इस गिरावट के चलते लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।

इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 27 जनवरी को चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहुल-स्पीति जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और भारी हिमपात होने की चेतावनी दी गई है। वहीं ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए शीतलहर को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

शीतलहर की चपेट में पूरा प्रदेश

पूरे हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आशंका जताई है कि तेज हवाओं के कारण कमजोर और अस्थायी ढांचों को आंशिक नुकसान पहुंच सकता है। बर्फबारी और बारिश के चलते सड़कों पर बर्फ और पानी जमने से फिसलन बढ़ेगी, जिससे वाहनों के फिसलने और यातायात जाम की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा आवश्यक सेवाओं, खुले में किए जाने वाले कार्यों और बागवानी गतिविधियों में अस्थायी बाधा आने की संभावना है। खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

जारी की गई सलाह और एडवाइजरी

Weather Update
हिमाचल प्रदेश में बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पहाड़ी और पर्यटन क्षेत्रों में जाने से पहले ताजा मौसम अपडेट देखने की सलाह दी गई है। 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है। रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, तेज हवा, बिजली और ओलावृष्टि के दौरान खुले स्थानों में न रहने की हिदायत दी गई है। सोमवार को शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में दिन में धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। हिमपात और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंडक लगातार बनी हुई है।

Weather Forecast Republic Day 2026: 26 जनवरी को बदला मौसम का मिज़ाज, दिल्ली-यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों में बारिश