Weather Update: जम्मू-कश्मीर में मौसम ने बदली करवट, कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित

देर रात हुई बारिश और बर्फबारी के बाद जम्मू-कश्मीर में शीतलहर तेज हो गई है। धूप निकलने के बावजूद कटड़ा, भद्रवाह और गुलमर्ग में सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जबकि भारी वर्षा-बर्फबारी से तापमान में तेज गिरावट आई है।

Weather Update

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जनवरी 25, 2026

Weather Update: जम्मू-कश्मीर में गुरुवार देर रात से शुक्रवार देर शाम तक हुई व्यापक बारिश और बर्फबारी के बाद शीतलहर ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। शनिवार को दिनभर धूप खिली रही, लेकिन कड़ाके की ठंड के कारण लोगों को इससे कोई खास राहत नहीं मिली। शीतलहर के चलते जम्मू से लेकर कश्मीर घाटी तक तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है और कई इलाकों में इस मौसम की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई।

Kal Ka Mausam: अगले 72 घंटे रहें सतर्क! दिल्ली समेत इन राज्यों में हो सकती है बारिश

कटड़ा, भद्रवाह और गुलमर्ग में रिकॉर्ड ठंड

Weather Update
जम्मू-कश्मीर में मौसम ने बदली करवट

माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा, भद्रवाह और गुलमर्ग में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। कटड़ा में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। वहीं भद्रवाह में न्यूनतम तापमान माइनस 3.5 डिग्री और गुलमर्ग में माइनस 12.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

दो दिनों में भारी वर्षा, कई इलाकों में रिकॉर्ड बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते दो दिनों में जम्मू संभाग के कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। बटोत में सबसे अधिक 116.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा उधमपुर में 68.8 मिमी, भद्रवाह में 75.4 मिमी, रामबन में 50 मिमी, कुक्करनाग में 62 मिमी और काजीगुंड में 49 मिमी बारिश दर्ज हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में ठंड और नमी बढ़ गई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी

राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी देखने को मिली है। गुलमर्ग में 50.8 सेंटीमीटर बर्फ जमी, जबकि कुक्करनाग में 47 सेंटीमीटर, पहलगाम में 46 सेंटीमीटर और बटोत में 43 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा भद्रवाह में 31 सेंटीमीटर, बनिहाल में 22 सेंटीमीटर और काजीगुंड में 10 सेंटीमीटर तक बर्फ जमने की सूचना है। बर्फबारी के चलते पर्वतीय इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है।

सड़क यातायात प्रभावित

लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण कई जगहों पर सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। फिसलन और बर्फ जमने से पहाड़ी मार्गों पर आवाजाही मुश्किल हो गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

जम्मू और कश्मीर घाटी में तापमान का हाल

Weather Update
जम्मू-कश्मीर में मौसम ने बदली करवट

शनिवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री और न्यूनतम 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 6.1 डिग्री और न्यूनतम माइनस 4.4 डिग्री रहा। बटोत में दिन का तापमान 4.9 डिग्री जबकि रात का तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी में श्रीनगर का अधिकतम तापमान 6.4 डिग्री और न्यूनतम माइनस 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 7.6 डिग्री तक गिर गया, जबकि गुलमर्ग में दिन का तापमान भी माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में भी ठंड बरकरार रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक शीतलहर का असर बना रह सकता है। तापमान में और गिरावट की संभावना को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

Weather Update: सीजन की पहली हिमपात से शिमला-मनाली में जनजीवन प्रभावित, दिल्ली-यूपी में बढ़ी ठिठुरन