Weather Update: पिछले तीन से चार दिनों से उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। लोगों को गलन और ठंड का सामना करना पड़ा। हालांकि, करीब 10:30 बजे के बाद धूप निकलने से मौसम में सुधार देखने को मिला।
Weather Update: जम्मू में शीतलहर से राहत, कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी
लखनऊ और आसपास का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ और आसपास के जिलों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जाएगी। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 और 23 जनवरी को छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, मध्य और पूर्वी यूपी में 20 जनवरी से कोहरे का असर कम होने लगेगा।
बाराबंकी सबसे ठंडा जिला
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि शनिवार को बाराबंकी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरदोई 3.6 डिग्री तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राजधानी लखनऊ में सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शीतलहर का असर कम होगा
पश्चिमी विक्षोभ के चलते पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन अब धीरे-धीरे शीतलहर और ठंड का असर कम होने लगेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 जनवरी के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर का दौर समाप्त होने की संभावना है।
अगले 48 घंटों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ज्यादातर जिलों में दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंट जाएगा और मौसम सामान्य हो जाएगा। हालांकि, शाम से लेकर सुबह करीब 10 बजे तक गलन का असर बना रहेगा। 20 जनवरी से प्रदेशभर में कोहरे की तीव्रता कम होने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान वाले जिले

शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान बेहद कम दर्ज किया गया।
बाराबंकी – 3.5 डिग्री
हरदोई – 3.6 डिग्री
बरेली – 4.2 डिग्री
मुजफ्फरनगर – 4.4 डिग्री
लखनऊ – 4.4 डिग्री
अयोध्या – 4.5 डिग्री
कानपुर – 4.8 डिग्री
Weather Update: कड़ाके की सर्दी से कांपी दिल्ली, सड़कों पर छाया घना कोहरा









