Weather Update: दिल्ली में ठंड की विदाई के संकेत, फरवरी के पहले हफ्ते से चढ़ने लगा तापमान

एनसीआर में फरवरी की शुरुआत के साथ तापमान बढ़ रहा है, लेकिन वायु प्रदूषण लगातार गंभीर चिंता का कारण बना हुआ है और आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की संभावना है।

Weather Update

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

फ़रवरी 6, 2026

Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। ठंड का प्रभाव अब कम होने लगा है और दिन के समय तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और पूरे एनसीआर क्षेत्र में मौसम का यही रुख देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी लेकिन गर्मी की शुरुआत का अहसास भी होगा।

Kal Ka Mausam: बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट! जानें कल कैसा रहेगा मौसम

IMD का पूर्वानुमान

Weather Update
दिल्ली में ठंड की विदाई के संकेत

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 5 फरवरी से 10 फरवरी तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। 5 फरवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

6 और 7 फरवरी को न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। वहीं 8 से 10 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 90 से 100 प्रतिशत तक बना रहेगा, जिससे सुबह के समय शैलो फॉग और कहीं-कहीं मॉडरेट फॉग देखने को मिल सकता है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

अल-नीनो का असर बढ़ा सकता है चिंता

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष अल-नीनो का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसका असर आने वाले महीनों में ज्यादा गर्मी और सामान्य से कम बारिश के रूप में सामने आ सकता है। फरवरी में ही तापमान में हो रही बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है।

कई इलाकों में AQI बेहद खराब

तापमान बढ़ने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच चुका है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। आनंद विहार, विवेक विहार, वजीरपुर, अशोक विहार, रोहिणी और बवाना जैसे इलाकों में AQI 310 से 340 के बीच दर्ज किया गया है। गाजियाबाद के लोनी, वसुंधरा और इंदिरापुरम में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। वहीं नोएडा के कई सेक्टरों में AQI खराब से बेहद खराब श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया है।

विशेषज्ञों की चेतावनी

Weather Update
दिल्ली में ठंड की विदाई के संकेत

हालांकि हाल के दिनों में दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में थोड़ी राहत जरूर देखने को मिली है। 24 घंटे का औसत AQI पहले 339 था, जो घटकर 241 पर आ गया है और अब यह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे तापमान और बढ़ेगा, वैसे-वैसे प्रदूषण के स्तर में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।

Weather Update: जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का कहर, गुलमर्ग-पहलगाम में कड़ाके की ठंड