Weather Update: यूपी-बिहार में मौसम का प्रकोप, 16 मौतें; दिल्ली समेत 16 राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई है। उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात (आसमानी बिजली) की चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई।

Weather Today

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जून 12, 2026

Weather Update: उत्तर भारत में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) ने भारी तबाही मचाई है। गुरुवार को आए अचानक मौसम बदलाव, तेज आंधी, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश और बिहार में कुल 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 16 राज्यों में आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रभावित राज्यों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और झारखंड शामिल हैं।

Weather Update: यूपी में गरजेंगे बादल, बरसेंगे ओले! जानें किन जिलों में सबसे ज्यादा असर

बिहार में आसमानी बिजली का कहर

इस प्राकृतिक आपदा का सबसे भीषण असर बिहार में देखने को मिला, जहां अलग-अलग जिलों में वज्रपात से 10 लोगों की मौत हो गई और एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। खगड़िया जिले में सबसे ज्यादा 5 लोगों की जान गई। मधेपुरा के परेल गांव में खेत में काम कर रहे दंपती (शंभू मंडल और कविता देवी) की आसमानी बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। भागलपुर, सहरसा, भोजपुर और जमुई में भी एक-एक व्यक्ति की मौत की खबर है। भोजपुर के कौंरा गांव में तेज आंधी के कारण टिन शेड उड़कर गिरने से एक महिला की जान चली गई।

उत्तर प्रदेश में आंधी और वज्रपात से हादसा

उत्तर प्रदेश में भी मौसम के इस बदले मिजाज ने जान-माल का भारी नुकसान किया है, देवरिया में आसमानी बिजली गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उरई के कोटरा क्षेत्र में खेत में मवेशी चरा रहे एक 32 वर्षीय युवक की वज्रपात से जान चली गई। अलीगढ़ में तेज आंधी के दौरान सीमेंट फैक्ट्री का सुरक्षा बैरियर गिरने से एक गार्ड की मौत हो गई, जबकि बरेली में सोलर पैनल गिरने से घायल एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पहाड़ी राज्यों में हिमपात और ओलावृष्टि

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात और मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

उत्तराखंड: मौसम विभाग ने तेज अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने चारधाम यात्रियों को सख्त हिदायत दी है कि वे मौसम की सटीक जानकारी लेने के बाद ही अपनी यात्रा आगे बढ़ाएं।

हिमाचल प्रदेश: रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा में हल्का हिमपात हुआ है। हालांकि, ऊना जिला अब भी भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक यानी 44°C रिकॉर्ड किया गया।

जम्मू-कश्मीर: दोपहर बाद अचानक बदले मौसम, तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने पिछले कई दिनों से चल रही भीषण लू से स्थानीय लोगों को राहत दी है।

पंजाब में थमा रेल यातायात

पंजाब के जालंधर, कपूरथला और अमृतसर में देर शाम तेज आंधी के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। अमृतसर के पास जालंधर-अमृतसर रेलवे ट्रैक पर एक विशाल पेड़ गिर जाने के कारण रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसके चलते आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर रोकना पड़ा। करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर यातायात बहाल किया जा सका।

Weather Update: दिल्लीवासियों के लिए अलर्ट! तेज हवाओं के साथ होगी झमाझम बारिश