Weather Update: जम्मू में शीतलहर से राहत, कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी

जम्मू में तीन सप्ताह बाद शीतलहर और कोहरे से राहत मिली, जहाँ तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया जो जनवरी का सर्वाधिक है।

Weather Update

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जनवरी 18, 2026

Weather Update: लगातार तीन सप्ताह तक कोहरे और शीतलहर की मार झेलने के बाद जम्मू में लोगों को शनिवार को हल्की राहत मिली। दिनभर सूर्यदेव मेहरबान रहे, जिससे जनजीवन में सहजता लौटी। तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो जनवरी माह में इस वर्ष का अब तक का सर्वाधिक स्तर है। यह सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लंबे समय से ठंड और कोहरे से परेशान लोगों ने तापमान में बढ़ोतरी के साथ राहत की सांस ली।

Weather Update: कड़ाके की सर्दी से कांपी दिल्ली, सड़कों पर छाया घना कोहरा

कश्मीर में बर्फबारी जारी

Weather Update
कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी

इसके विपरीत, कश्मीर घाटी में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। सोनमर्ग, गुलमर्ग और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई। लगातार जमाव बिंदु से नीचे बने तापमान ने लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का एहसास कराया। श्रीनगर समेत अधिकांश क्षेत्रों में सुबह कोहरा छाया रहा, जबकि दोपहर में हल्की धूप निकली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में घाटी के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

सबसे ठंडे क्षेत्र

गुलमर्ग और बीरवाह (बड़गाम) प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री और न्यूनतम माइनस 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। काजीकुंड में अधिकतम 12.3 और न्यूनतम माइनस 3.4 डिग्री, पहलगाम में अधिकतम 11.6 और न्यूनतम माइनस 2.6 डिग्री तथा गुलमर्ग में अधिकतम 5.4 और न्यूनतम माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अन्य क्षेत्रों का हाल

जम्मू के अलावा अन्य शहरों में भी तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक रहा। बनिहाल में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री और न्यूनतम 10.1 डिग्री दर्ज किया गया। कटड़ा में अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ऊपर बना रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

Weather Update
कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी

मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार 26 जनवरी तक मौसम में आंशिक बदलाव बना रह सकता है। बीच-बीच में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। घाटी में जारी 40 दिवसीय ‘चिल्ले कलां’ अब अपने अंतिम चरण में है। 21 दिसंबर से शुरू हुआ यह कठोर शीतकालीन दौर 31 जनवरी को समाप्त होगा।

यातायात की स्थिति

शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दोनों ओर के वाहनों के लिए खुला रहा। यातायात अधिकारियों ने बताया कि यदि मौसम साफ रहा और सड़क की स्थिति अनुकूल रही, तो रविवार को भी राजमार्ग पर दो-तरफा यातायात जारी रहेगा। हालांकि, उधमपुर और बनिहाल के बीच नल्ला, देवाल, नाशरी-दलवास और मारोग जैसे स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।

Kal Ka Mausam: कोहरा और बारिश! दिल्ली समेत अन्य राज्यों का जानें हाल