Weather Update: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। आगामी दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने अलर्ट जारी करते हुए 22 से 24 जनवरी और फिर 26 से 28 जनवरी के बीच कई इलाकों में खराब मौसम की चेतावनी दी है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
Weather Update: ठंड के बाद बारिश का संकट, यूपी-राजस्थान समेत 9 राज्यों में अलर्ट
23 और 27 जनवरी को मौसम रहेगा ज्यादा खराब

मौसम विभाग के अनुसार 23 और 27 जनवरी को प्रदेश में मौसम के सबसे अधिक बिगड़ने की आशंका है। खासतौर पर जम्मू संभाग की चिनाब वैली और पीर पंजाल रेंज के इलाकों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, पहलगाम, कुलगाम, शोपियां और पीर की गली समेत कई क्षेत्रों में भी खराब मौसम का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा गुलमर्ग, सोनमर्ग-जोजिला, बांडीपोरा-राजदान पास, कुपवाड़ा-साधना पास, डोडा, उधमपुर, रियासी, किश्तवाड़ और रामबन जिले भी प्रभावित हो सकते हैं। खराब मौसम के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई अहम सड़कों पर यातायात बाधित होने की आशंका है।
भूस्खलन और तेज हवाओं का खतरा
मौसम खराब होने की स्थिति में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ सकती हैं। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रशासन और यातायात विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें।
फिलहाल शीतलहर से मिली राहत
प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम साफ रहने के कारण शीतलहर से थोड़ी राहत महसूस की जा रही है। लगातार तीन दिनों तक धूप निकलने से दिन का तापमान सामान्य से 5 से 10 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया है। मौसम के संभावित बिगड़ते हालात को देखते हुए आपात प्रबंधन को मजबूत करने के लिए जम्मू और कश्मीर के मंडलायुक्त प्रशासन को पहले ही सतर्क कर दिया गया है।
तापमान में फिर गिरावट की आशंका
मौसम विभाग का कहना है कि जैसे ही खराब मौसम का दौर शुरू होगा, प्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। फिलहाल घाटी के अधिकतर हिस्सों में रात का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। ‘चिल्ले कलां’ के दौरान अभी घाटी में भारी बर्फबारी का इंतजार किया जा रहा है।
श्रीनगर से जम्मू तक धूप का असर

सोमवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिनभर धूप खिली रही। राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पहलगाम में तापमान 8.8 और गुलमर्ग में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू क्षेत्र में भी पिछले तीन दिनों से कोहरे से राहत मिली है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा 22.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगर खराब मौसम रहा तो इस बार गणतंत्र दिवस पर जम्मू-कश्मीर में बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
Weather Update: दिल्ली में बदलेगा मौसम, ठंड के साथ बरसात और कोहरे का अलर्ट










