Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह लोगों ने बारिश और तेज हवाओं के साथ दिन की शुरुआत की। कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है और आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। इस मौसम परिवर्तन के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों से दिल्ली और आसपास के शहरों में हल्की गर्मी महसूस की जा रही थी, जिससे अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच गया था। गुरुवार को तो जनवरी का सात साल में सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया, जब तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
Weather Update: दिल्ली-यूपी से पहाड़ों तक आफत, बारिश, आंधी और बर्फबारी का अलर्ट
ऑफिस जाने वालों को हुई परेशानी

सुबह-सुबह हुई बारिश और फिसलन भरी सड़कों ने ऑफिस जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई जगहों पर पानी भरने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। वहीं, गणतंत्र दिवस की तैयारियों पर भी बारिश का असर पड़ा और कई व्यवस्थाएं बाधित हो गईं।
अगले तीन घंटे का मौसम अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि दिल्ली के विभिन्न जिलों में अगले दो से तीन घंटों तक तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है। इसके साथ ही गरज, बिजली कड़कने और हल्की बारिश (5-15 mm/h) की भी संभावना जताई गई है। सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली, नॉर्थ दिल्ली, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, शहादरा, साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली, साउथ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों को कमजोर ढांचों या पेड़ों के नीचे पनाह लेने से बचने, सड़क और ट्रैफिक की स्थिति पर ध्यान देने, गैर-जरूरी यात्रा से परहेज करने और संबंधित एजेंसियों की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
हवा की गुणवत्ता बेहद खराब
बारिश और हवाओं के बावजूद दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ है। आज सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार दर्ज किया गया, जो “बहुत खराब” श्रेणी में आता है। लगातार खराब हवा के कारण लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन रोगियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली-NCR में AQI का स्तर

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज सुबह आनंद विहार का AQI 325, बवाना का 346, आईजीआई एयरपोर्ट का 227, जहांगीरपुरी का 342, गाजियाबाद का 272 और नोएडा का 324 दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम में AQI 343 रिकॉर्ड किया गया है।
दिनभर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। उच्च और मध्यम स्तर के बादल छाए रहने के कारण धूप निकलने की संभावना बेहद कम है। विभाग ने यह भी बताया कि अगला बारिश का दौर गणतंत्र दिवस के बाद ही आने की संभावना है।
Kal Ka Mausam: आंधी-बारिश का अलर्ट! यूपी के इन जिलों में बरसेंगे बादल










