Weather Update: यूपी के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट, अयोध्या-वाराणसी में आज बदल जाएगा मौसम

27 मार्च को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। 29 मार्च से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश का दूसरा दौर शुरू होगा, जिससे तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मार्च 27, 2026

Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वी व पश्चिमी संभाग के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि यह बदला-बदला मौसम अगले 3 से 4 दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी।

Weather Update: नोएडा-गाजियाबाद में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें अगले 5 दिनों का हाल

27 मार्च का पूर्वानुमान

Weather Update
यूपी के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट

राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, आज यानी 27 मार्च को यूपी के दोनों संभागों के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

आने वाले दिनों का हाल

28 मार्च: मौसम सामान्य रहेगा। आसमान में छिटपुट बादल रहेंगे लेकिन धूप भी खिली रहेगी।

29 मार्च: बारिश का नया दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

30 मार्च और आगे: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के दोनों संभागों में बादल छाए रहेंगे और बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

आज जिन जिलों में बारिश की संभावना

27 मार्च को गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, प्रयागराज, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, हमीरपुर, झांसी, महोबा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली और बागपत में हल्की बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट की संभावना है।

लखनऊ और नोएडा का मौसम

लखनऊ: राजधानी में मौसम सामान्य रहेगा। आसमान में हल्के बादल रहेंगे लेकिन धूप भी निकलेगी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा में काले बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। यहां न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

नया पश्चिमी विक्षोभ

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 24 घंटे बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके चलते प्रदेश के दोनों संभागों में बादल छाए रहेंगे और बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

उत्तर प्रदेश में मार्च के अंतिम दिनों में मौसम का रुख पूरी तरह बदल गया है। कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। येलो अलर्ट जारी होने के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

Weather Update: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, बादलों ने डाला डेरा, झमाझम बारिश के आसार