Weather Update: मार्च में मानसून जैसा मिजाज! दिल्ली में बादलों की लुकाछिपी के बीच फिर अलर्ट जारी

मार्च के महीने में कई सालों बाद दिल्ली में बारिश के आसार बने हैं, लेकिन इसके बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली और तापमान बढ़ा हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और तेज आंधी का 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मार्च 30, 2026

Weather Update: मार्च का महीना खत्म होने को है, लेकिन देश की राजधानी दिल्ली में मौसम के मिजाज ने हर किसी को हैरान कर रखा है। इस बार मार्च में मौसम के कई रंग देखने को मिले हैं। मौसम विभाग के अनुमान और जमीन पर दिख रहे हकीकत के बीच एक बड़ा अंतर नजर आया है। आइए जानते हैं कि इस बार दिल्ली का मौसम कैसा रहा और आने वाले दिनों में क्या उम्मीदें हैं।

Weather Update: उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी, IMD ने जारी किया अलर्ट

बादलों की लुकाछिपी

Weather Update
मार्च में मानसून जैसा मिजाज!

इस साल मार्च के शुरुआती दिनों में मौसम सामान्य लग रहा था, लेकिन 15 मार्च के बाद अचानक फिजा बदली और बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद जगी। मौसम वैज्ञानिकों और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश का पूर्वानुमान जारी किया। हालांकि, हकीकत में अधिकांश दिन सूखे और गर्म ही बीते।

उदाहरण के तौर पर, 29 मार्च को राजधानी में झमाझम बारिश की जोरदार संभावना जताई गई थी। इसके उलट, दिनभर तेज धूप खिली रही और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। पिछले दिनों में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने थोड़ी राहत जरूर दी थी, लेकिन 29 मार्च को इन हवाओं की गति भी काफी कम हो गई, जिससे गर्मी का अहसास और बढ़ गया।

बूंदाबांदी का हल्का असर और टूटते रिकॉर्ड

29 मार्च की देर शाम और रात के समय दिल्ली के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन यह तपती गर्मी को शांत करने के लिए काफी नहीं थी। अगर आंकड़ों पर नजर डालें, तो इस साल मार्च के महीने में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है।

इसके बावजूद, गर्मी ने इस बार पुराने कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। बारिश होने के बाद भी तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई। मार्च के इस महीने में औसत अधिकतम तापमान 32.4°C तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.4°C दर्ज किया गया। ये दोनों ही आंकड़े सामान्य से काफी ज्यादा हैं, जिसके कारण दिन काफी गर्म रहे, हालांकि रातों में हल्की राहत जरूर महसूस हुई।

आज फिर येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने एक बार फिर दिल्ली में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। 30 मार्च के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिनभर आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। इसके साथ ही रात के समय तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद की जा रही है।

अगर प्रदूषण की बात करें, तो दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) फिलहाल 198 दर्ज किया गया है, जो कि ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। मौसम में हो रहे इन बदलावों के बावजूद फिलहाल दिल्ली की हवा में किसी बड़े सुधार या बदलाव की उम्मीद नहीं जताई गई है।

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बारिश और आंधी की चेतावनी, तापमान में आएगा उतार-चढ़ाव