Weather Update: उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। राजधानी दिल्ली भी इससे अछूती नहीं रही। सर्द हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे गलन और ठिठुरन कम होने का नाम नहीं ले रही। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में यह 5 डिग्री से भी नीचे चला गया।
Weather Update: यूपी में ‘कोल्ड अटैक’! 48 घंटों में गिरेगा पारा, लखनऊ से नोएडा तक रेड अलर्ट जारी
मंगलवार का मौसम

मंगलवार की सुबह भी घना कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को परेशान करती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिलेगी, लेकिन शाम होते ही शीतलहर और गलन का असर और बढ़ जाएगा।
अगले 24 घंटे का हाल
मौसम विभाग ने बताया कि 13 जनवरी को तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे जा सकता है। अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है। सुबह के समय कोहरा लोगों के लिए परेशानी का सबब बनेगा, जबकि दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, ठंड और शीतलहर का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति
ठंड के साथ-साथ दिल्ली में वायु प्रदूषण भी लगातार बढ़ रहा है। राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सुबह सात बजे 685 तक पहुंच गया, जो बेहद खतरनाक स्तर है। इसका मुख्य कारण हवा में मौजूद PM2.5 कण हैं। पिछले कई महीनों से यह स्थिति बनी हुई है और सरकार की कोशिशों के बावजूद प्रदूषण पर काबू नहीं पाया जा सका है।
बारिश ही बनेगी राहत का कारण

विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश होने पर ही प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है। लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में ठंड और प्रदूषण दोनों से लोगों को राहत मिलना मुश्किल है।
सरकार की अपील और इंतजाम
ठंड को देखते हुए दिल्ली सरकार ने लोगों से खुले में न सोने की अपील की है। नगर निगम (MCD) ने कई इलाकों में शेल्टर होम बनाए हैं ताकि जरूरतमंद लोग वहां ठहर सकें और ठंड से बच सकें।
Weather Update: बर्फ की चादर में कैद हुई कश्मीर की झीलें, जम्मू में ठंड ने तोड़ा सालों का रिकॉर्ड









