Weather Update: दिल्ली में बारिश की उम्मीद पर फिरा पानी! आज भी उमस से राहत नहीं

IMD के मुताबिक बुधवार (15 जुलाई) को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री बढ़कर 38.4°C दर्ज किया गया, जिससे भीषण गर्मी और चिपचिपाहट बरकरार है।

Weather Update

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जुलाई 16, 2026

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मानसून के सीजन में भी लोगों को भीषण और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बादलों की आवाजाही के बीच हवा में मौजूद भारी नमी ने दिल्लीवालों का जीना मुहाल कर रखा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, फिलहाल इस जानलेवा उमस से तुरंत राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

Weather Update: दिल्ली का मौसम बना मुसीबत, बारिश नहीं… उमस ने बढ़ाई बेचैनी

पिछले 24 घंटों का हाल

बुधवार, 15 जुलाई को राजधानी में सूरज के तीखे तेवरों और हवा में नमी के कारण लोग पसीने से तर-बतर रहे। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सामान्य तापमान से 3.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

आर्द्रता का स्तर

वातावरण में चिपचिपाहट की मुख्य वजह हवा में मौजूद नमी है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम आर्द्रता 71 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 48 प्रतिशत दर्ज की गई। हालांकि, दिल्ली के कुछ छिटपुट इलाकों में बहुत हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, जिससे न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की आंशिक गिरावट आई, लेकिन दोपहर की चिलचिलाती धूप ने उमस को और बढ़ा दिया। इस दौरान पालम जैसे क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं की रफ्तार 33 किमी/घंटा तक रिकॉर्ड की गई।

आज कैसा रहेगा मौसम? (16 जुलाई का पूर्वानुमान)

आज, गुरुवार को भी दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन ये बादल राहत देने के बजाय उमस को बढ़ाने का काम करेंगे।

अनुमानित तापमान: आज अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

हवा की स्थिति: दिन के समय 10 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चलने का अनुमान है। मानसून के एक्टिव होने के बावजूद, शुष्क पश्चिमी हवाओं और हाई ह्यूमिडिटी के कॉम्बिनेशन के कारण लोगों को पूरे दिन पसीने वाली गर्मी परेशान करेगी।

कब बदलेगा मौसम का मिजाज?

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्लीवासियों को इस चिपचिपी गर्मी को झेलने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा।

आगामी 48 घंटे: अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े उलटफेर की उम्मीद नहीं है। 15 और 16 जुलाई को राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में गर्म और उमस भरी स्थिति पूरी तरह बरकरार रहेगी।

पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) लाएगा बदलाव

मौसम प्रेमियों के लिए राहत की खबर यह है कि 19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इस सिस्टम के एक्टिव होने से दिल्ली-एनसीआर के वायुमंडल में बदलाव आएगा, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। यदि यह सिस्टम मजबूत होता है, तो आने वाले सप्ताह की शुरुआत में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे दिल्लीवालों को इस असहनीय उमस से परमानेंट राहत मिलने की उम्मीद है।

Weather Update: राजस्थान में थमा मानसून, 16 जुलाई से फिर भारी बारिश के आसार