Weather Update: जम्मू-कश्मीर में हो रही लगातार बर्फबारी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार, 27 जनवरी को हालात इतने बिगड़ गए कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा और श्रीनगर हवाई अड्डे से सभी उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। सड़क और हवाई संपर्क ठप होने से यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम का असर आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा बलों की आवाजाही पर भी साफ नजर आया।
Weather Update: दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का कहर, 1 फरवरी को फिर बदलेगा मौसम
श्रीनगर एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द

अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुल 58 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 29 आगमन और 29 प्रस्थान की उड़ानें शामिल थीं। लगातार हो रहे हिमपात के कारण रनवे पर बर्फ जम गई थी, जिससे उड़ानों का सुरक्षित संचालन संभव नहीं रह गया। उड़ानें रद्द होने के कारण सैकड़ों पर्यटक श्रीनगर और आसपास के पर्यटन स्थलों में फंस गए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को मौसम सामान्य होने तक इंतजार करने की सलाह दी है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
घाटी के कई इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का हिमपात दर्ज किया गया, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई। सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। काजीगुंड और बनिहाल के बीच भारी बर्फ जमने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सड़क से बर्फ हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है, लेकिन फिलहाल किसी भी वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
रेल सेवाएं भी हुईं प्रभावित
बर्फबारी का असर रेल यातायात पर भी देखने को मिला। बनिहाल और बडगाम के बीच चलने वाली कुछ ट्रेनों को एहतियातन रद्द करना पड़ा। हालांकि, पटरियों से बर्फ हटाने के बाद कुछ ही घंटों में रेल सेवाएं आंशिक रूप से बहाल कर दी गईं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि यात्रियों को ज्यादा असुविधा न हो।
प्रशासन और पुलिस राहत कार्यों में जुटे
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने लोगों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी और राहत दल बर्फ से ढकी सड़कों पर फंसे लोगों की मदद करते नजर आए। कुछ इलाकों में मरीजों को स्ट्रेचर के सहारे अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे आपात सेवाओं की तत्परता साफ दिखाई दी।
हिमस्खलन की चेतावनी

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कई जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। इस बीच सोनमर्ग क्षेत्र में हिमस्खलन की एक घटना सामने आई, हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और मौसम संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Kal Ka Mausam: बर्फबारी, बारिश या कोहरा? दिल्ली समेत अन्य राज्यों का जानें हाल









