Weather Update: नए साल की शुरुआत में कश्मीर और जम्मू क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी ने लोगों को राहत दी है। लंबे समय से शुष्क मौसम का सामना कर रहे प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी ने न केवल खेतीबाड़ी को मजबूती दी है बल्कि पर्यटन स्थलों पर भी रौनक बढ़ा दी है। सर्दियों की इस खूबसूरत बर्फबारी ने सैलानियों के चेहरे खिला दिए हैं।
Weather Update: कड़ाके की ठंड के साथ जनवरी की शुरुआत, जानें अपने शहर के तापमान का हाल
वैष्णो देवी भवन और त्रिकुटा पहाड़ियां

श्री माता वैष्णो देवी भवन पर भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। त्रिकुटा पहाड़ियों पर हुई इस स्नोफॉल ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को खासा उत्साहित किया। मौसम में आए बदलाव से अक्टूबर से जारी शुष्क मौसम का सिलसिला टूटा है और लोगों को राहत मिली है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की बारिश और बर्फबारी से लोगों की सेहत पर भी सकारात्मक असर पड़ता है।
यातायात पर असर
बर्फबारी के कारण कई महत्वपूर्ण मार्ग प्रभावित हुए हैं। राजोरी और पुंछ को जोड़ने वाला मुगल रोड (शोपियां) और जोजि ला पास पर यातायात बाधित हुआ है। इस बीच जोजि ला पास पर एक टैंपो ट्रैवल दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी 20 जनवरी तक मौसम में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 2 से 5 जनवरी के बीच दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तरी और मध्य कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
जम्मू और मैदानी इलाकों में कोहरा
जम्मू समेत अन्य मैदानी इलाकों में अगले दिन तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है।
पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी
कश्मीर के विश्व प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में बर्फबारी ने पर्यटकों की संख्या बढ़ा दी है। इसके अलावा पहलगाम, सोनमर्ग, सादना पास, गुरेज, तुलैल घाटी, राजदान टॉप, माछिल, सिंथन टॉप और मुगल रोड सहित अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी बर्फबारी दर्ज की गई है। इन स्थलों पर स्नोफॉल ने पर्यटन को नई ऊर्जा दी है।
चिल्ले कलां में कम बर्फबारी
21 दिसंबर से शुरू हुए 40 दिन की कठोर सर्दी वाले चिल्ले कलां में इस बार अपेक्षाकृत कम बर्फबारी हुई है। राजधानी श्रीनगर और आसपास के इलाकों में गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। यहां दिन का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम में अधिकतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में सुबह हल्की बारिश के बाद बादल छाए रहे और यहां अधिकतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
कृषि के लिए राहत

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक ने बताया कि 20 जनवरी तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं, पूर्व कृषि निदेशक ए.एस. रीन का कहना है कि सर्दियों में होने वाली बारिश फसलों के लिए राहत लेकर आती है। इस समय कनक, सरसों और दालों की खेती की गई है। रात की ओस नमी को पूरा करती है, लेकिन हल्की बारिश से जमीन को पर्याप्त पानी मिला है, जिससे फसलों की वृद्धि में मदद मिलेगी।
Weather Update: दिल्ली में बादल और कोहरे का अलर्ट, गिरते तापमान के साथ AQI में दर्ज की गई गिरावट










