Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे राज्य में भीषण उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शुक्रवार को हुई अच्छी बारिश के बाद मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए अगले चार दिनों तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मानसूनी गतिविधियों के मजबूत होने से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
Weather Update: दिल्ली वालों के लिए बुरी खबर! आज भी गर्मी-उमस का सितम, जानें राहत कब
अगले 4 दिनों तक झमाझम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी सहित राज्य के 10 प्रमुख शहरों में अच्छी बारिश हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा। IMD ने 18 जुलाई से 21 जुलाई तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, रविवार और सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश के संकेत दिए गए हैं।
भारी बारिश का कारण
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बारिश के इस नए दौर के पीछे बंगाल की खाड़ी में बना ‘लो प्रेशर एरिया’ मुख्य कारण है। इस सिस्टम के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला पहले ही शुरू हो चुका है, जो अब धीरे-धीरे पश्चिमी यूपी के क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में ले लेगा। साथ ही, भूमध्य रेखा के पास बन रहा एक नया मौसमी सिस्टम भी मानसूनी गतिविधियों को और अधिक गति प्रदान करेगा। वैज्ञानिक ने अगले सात दिनों तक राज्य भर में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, जिससे न केवल गर्मी से राहत मिलेगी बल्कि कृषि क्षेत्र के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित होगी।
31 जिलों में ‘हाई अलर्ट’
शनिवार (18 जुलाई) को लेकर मौसम विभाग ने 31 जिलों में भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी की है। इन जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं:
प्रमुख जिले: बिजनौर, मुरादाबाद, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र और चंदौली।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ-साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की भी प्रबल संभावना है। इसके अलावा, राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
नदियों का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन सतर्क
लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य की कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। बलिया और बाराबंकी में सरयू नदी, जबकि बिजनौर में मलान नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थितियों पर नजर रखने और बचाव कार्यों के लिए कमर कस ली है। लोगों को नदी के किनारे जाने से बचने और मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है। यह समय सतर्क रहने का है क्योंकि भारी बारिश के चलते जलभराव और आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।
UP Weather: भीषण गर्मी के बाद यूपी में ‘तूफानी’ एंट्री! जानें आपके जिले में कब होगी भारी बारिश?










