Weather Update: दिल्ली-यूपी से बिहार तक तपिश, पहाड़ों पर बरसेगी बर्फ और बारिश

देशभर में गर्मी का असर तेज होने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

फ़रवरी 27, 2026

Weather Update: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। मैदानी राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा गुजरात और महाराष्ट्र में भी पारा चढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिनके प्रभाव से 27-28 फरवरी और 2 से 4 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में मौसम ठंडा बना रह सकता है। वहीं 27-28 फरवरी के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण इन क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Kal Ka Mausam: मौसम बदलेगा करवट! कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी

दिल्ली में साफ आसमान, बढ़ेगा तापमान

Weather Update
दिल्ली-यूपी से बिहार तक तपिश

राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। शुक्रवार 27 फरवरी से लेकर मार्च की शुरुआत तक आसमान साफ रहने की संभावना है। धूप तेज रहने के कारण अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश में नहीं होगी बारिश

उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है। पूर्वी और पश्चिमी, दोनों हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इससे लोगों को दोपहर में गर्मी का अधिक एहसास होगा। तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।

राजधानी लखनऊ में भी आज मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। हाल ही में यहां दिन का तापमान 30.4 डिग्री और रात का तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में हमीरपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अयोध्या सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बिहार में भी चढ़ेगा पारा

उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में भी गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। मार्च की शुरुआत के साथ ही यहां तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। राज्य में फिलहाल बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

कुल मिलाकर देश के मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे तेज हो रही है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आने वाले सप्ताह में लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सतर्क रहने की जरूरत है।

Weather Update: पसीने छुड़ाने लगी कश्मीर की धूप! फरवरी में ही शुरू हुए एसी-कूलर, जानें क्या है मौसम विभाग का अपडेट