Weather Update: हरियाणा में मानसून कमजोर पड़ने के कारण लोगों को एक बार फिर गर्मी और उमस झेलना पड़ रहा है। बारिश की गतिविधियां कम होने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और दिन के समय चिपचिपी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण वातावरण में नमी का स्तर बढ़ गया है, जिससे लोगों को अधिक गर्मी महसूस हो रही है।
मानसून ब्रेक के कारण रुकी बारिश
जानकारी के अनुसार, इस समय मानसून टर्फ अपनी सामान्य स्थिति से खिसककर तराई वाले इलाकों की ओर चला गया है। इसके कारण मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां काफी कम हो गई है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं रहेगी। अगले तीन दिनों के भीतर मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
कई शहरों में बूंदाबांदी की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा के कुछ हिस्सों में स्थानीय मौसम परिवर्तन के कारण बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। प्रदेश के करीब छह शहरों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। हालांकि, इससे तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आ सकती है, लेकिन फिलहाल उमस से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद कम है।
नारनौल रहा सबसे गर्म शहर
बताते चलें कि, पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ो के अनुसार, नारनौल में हरियाणा का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां अधिकतन तापामान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा रोहतक, हिसार और अंबाला जैसे शहरों में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। गर्म हवाओं और अधिक नमी के कारण लोगों को दिन के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिन बाद बारिश की उम्मीद
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति बनी हुई है। लेकिन बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों के बाद मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। मानसून के दोबारा रफ्तार पकड़ने के बाद हरियाणा के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
Haryana News: प्रो. रामबिलास शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ी, पंचकूला में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
किसानों और आम लोगों को राहत की उम्मीद
मानसून की वापसी से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि बारिश की कमी का असर फसलों और कृषि गतिविधियों पर पड़ सकता है। वहीं, आम लोगों को भी बढ़ती गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी के दौरान सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही दोपहर के समय बाहर निकलने की सलाह दी है।










