Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर स्मॉग की मोटी चादर छा गई है। गुरुवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में घना स्मॉग देखने को मिला, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। बीते दो-तीन दिनों से ठंड में थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन वायु गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। प्रदूषण का स्तर लगातार “बहुत खराब” श्रेणी में बना हुआ है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
Weather Update: यूपी में आज से बदलेगा मौसम, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
इन इलाकों में स्मॉग का सबसे ज्यादा असर

दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में स्मॉग का प्रभाव देखा गया, लेकिन पांडव नगर और अक्षरधाम मंदिर के आसपास हालात ज्यादा गंभीर रहे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, गुरुवार सुबह पांडव नगर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 377 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वहीं, राजधानी दिल्ली का औसत AQI भी 350 के पार रहा, जिससे यह साफ हो गया है कि प्रदूषण से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।
बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और आसपास के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, गुरुवार शाम तक बारिश शुरू हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिसके चलते यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश से कुछ समय के लिए प्रदूषण में हल्की कमी आ सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड में इजाफा होने की पूरी संभावना है।
बारिश के बाद लौटेगी कड़ाके की ठंड

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में फिर से कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी। ठंडी हवाओं के साथ ठिठुरन बढ़ेगी और सुबह-शाम कोहरा भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लोगों को आज और अगले दो से तीन दिनों तक सतर्क रहने की अपील की है। तेज हवाओं, बारिश और खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों ने अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचने, मास्क पहनने और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
Kal Ka Mausam: शीतलहर का असर, दिल्ली समेत अन्य राज्यों का जानें हाल









