Weather Today : 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट, क्या दिल्ली-यूपी में चलेगी 60 की रफ्तार से आंधी?

9 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत 15 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी है। कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और किसानों की फसलों पर भी खतरा मंडरा सकता है।

Weather Today

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

अक्टूबर 9, 2026

Weather Today : देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता कम होने के बावजूद बारिश का सिलसिला थमने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। 9 अक्टूबर 2026 को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

15 राज्यों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और ओडिशा में आंधी-बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि, बारिश की तीव्रता अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रह सकती है।

बिहार में कई जिलों में बारिश की संभावना

बिहार के मधुबनी, रोहतास, दरभंगा, गया, जहानाबाद, सहरसा और बक्सर में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

60 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, मिर्जापुर, गोरखपुर, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, सहारनपुर, बस्ती और रायबरेली समेत कई जिलों में मौसम बदल सकता है। इन क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 9 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

राजस्थान के बीकानेर, अजमेर, धौलपुर, भरतपुर और बूंदी में बारिश की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं मध्य प्रदेश के विदिशा, सीधी, दमोह, सागर, इंदौर, उज्जैन, शहडोल और छिंदवाड़ा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और किसानों की चिंता

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज बारिश और आंधी के कारण सतर्क रहने की जरूरत है। उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश और चमोली में मौसम खराब होने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी और सोलन में भी बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वर्षा होने पर भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। आंधी और बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण का असर

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे सटी उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से ओडिशा सहित कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पूर्वी भारत, दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों के दौरान मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने का अनुमान है। मौसम के स्थानीय पूर्वानुमान और प्रशासन की चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी है।

Read More  :  Aaj Ka Rashifal: आज किस्मत देगी साथ! इन राशियों को धन और करियर में मिल सकते हैं शुभ संकेत