
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के चलते देश के दक्षिणी और पूर्वी तटीय इलाकों में भारी चक्रवाती तूफान और मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक भीषण चक्रवाती तूफान के आकार लेने की पूरी संभावना है, जिसके मद्देनजर लोगों को पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है, जिससे ठंडी हवाओं के साथ गुलाबी ठंड की दस्तक हो चुकी है।
Weather Update: यूपी में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, जानें किन जिलों में बदलेगा मौसम
दक्षिण और पूर्व के तटीय राज्यों पर चक्रवात का खतरा

IMD की रिपोर्ट के अनुसार, इस चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 28 अक्टूबर को ओडिशा और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश का कहर देखने को मिलेगा। ओडिशा में 27 और 29 अक्टूबर को भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तटीय क्षेत्रों में समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने की आशंका है और 26 अक्टूबर की सुबह तक बंगाल की खाड़ी में हवाओं की गति 70 से 80 किमी प्रति घंटे और झोंकों के साथ 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके बाद 27 अक्टूबर से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
दक्षिण भारत में दक्षिण-पूर्व अरब सागर का असर
बंगाल की खाड़ी के अलावा दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 और 25 अक्टूबर को, जबकि केरल और माहे में 25 और 26 अक्टूबर को मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी तमिलनाडु में 21 सेमी से अधिक रिकॉर्ड बारिश दर्ज की जा चुकी है। इसके साथ ही कर्नाटक के कुछ स्थानों और लक्षद्वीप के व्यापक क्षेत्रों में भी गरज-मचमक के साथ भारी बारिश के आसार हैं।

मध्य भारत और मैदानी इलाकों में बारिश का अनुमान

पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भी हल्की वर्षा हो सकती है। मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 28-29 अक्टूबर के दौरान हल्की बारिश के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29-30 अक्टूबर और पूर्वी राजस्थान में 25 तथा 29-30 अक्टूबर को बारिश हो सकती है, जबकि 29-30 अक्टूबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
इसके अलावा, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28-30 अक्टूबर और विदर्भ-छत्तीसगढ़ में 27 से 30 अक्टूबर के बीच वर्षा की उम्मीद है। 27 से 29 अक्टूबर के दौरान छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है, जिसके चलते मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है।
Weather Alert: 17 राज्यों में बारिश और तूफान का खतरा, जानिए आपके शहर











