Weather Today: यूपी के इन जिलों में पारा 40 के पार, मौसम विभाग ने दी भीषण लू की चेतावनी

बीते एक हफ्ते में औसत तापमान में 10 डिग्री का बड़ा उछाल दर्ज किया गया है। बांदा में पारा 42°C के पार पहुँचने और लखनऊ से नोएडा तक भीषण लू के अलर्ट के बीच अब पूरा प्रदेश 'भट्टी' की तरह तपने लगा है।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अप्रैल 16, 2026

Weather Today: उत्तर प्रदेश में अप्रैल के महीने ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते एक सप्ताह के भीतर मौसम के मिजाज में जो तल्खी आई है, उसने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में तापमान में अचानक 10 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे पूरा राज्य ‘भट्टी’ की तरह तपने लगा है। सूरज की तीखी किरणों और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है।

Kal Ka Mausam: तबाही की आहट! 80 की स्पीड से हवाएं और बारिश, 13 राज्यों पर बड़ा खतरा

बुंदेलखंड में सबसे ज्यादा तपिश

Weather Today
यूपी के इन जिलों में पारा 40 के पार

राज्य में गर्मी का सबसे भयानक रूप बुंदेलखंड के इलाकों में देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, बांदा उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला बनकर उभरा है, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। बांदा के साथ-साथ झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और सुल्तानपुर में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों में गर्मी के तेवर और भी सख्त हो सकते हैं।

लखनऊ से नोएडा तक ‘हीट टॉर्चर’ का साया

राजधानी लखनऊ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों का हाल भी कुछ अलग नहीं है। लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण ‘हीट टॉर्चर’ शुरू हो गया है। यहां आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में भी सूरज के तेवर तीखे बने हुए हैं। ताजनगरी आगरा में भी पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है। बरेली, कानपुर, मथुरा, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जैसे शहरों में भी दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है क्योंकि गर्म हवाएं और चिलचिलाती धूप शरीर को झुलसाने का अहसास करा रही हैं।

अभी और बढ़ेगा तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में किसी भी ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के आसार नहीं हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि आने वाले दिनों में बारिश या बादलों की आवाजाही की कोई संभावना नहीं है, जिससे मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। हालांकि प्रदेश के सभी जिले अभी ‘ग्रीन ज़ोन’ में हैं, लेकिन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली पछुआ हवाएं लू (Heat Wave) का अहसास करा रही हैं।

आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, बलिया और जौनपुर जैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक का और उछाल आ सकता है।

बचाव के उपाय और सावधानी

बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेवजह बाहर निकलने से बचें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और सूती व हल्के रंग के कपड़े पहनें। चूंकि पारा लगातार चढ़ रहा है, इसलिए आने वाले दिन उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं। मौसम का यह सख्त मिजाज साफ संकेत दे रहा है कि इस साल गर्मी अपने पुराने कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

Weather Update: बारिश की उम्मीद शून्य, चिलचिलाती धूप और उमस बढ़ाएगी दिल्ली वालों की मुसीबत