Weather Forecast: उत्तर भारत के कई राज्यों में सर्दी का असर अभी भी बना हुआ है, हालांकि दिन के समय निकल रही धूप की वजह से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जबकि राजस्थान और आसपास के इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य होता जा रहा है। मंगलवार को पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई, वहीं चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Weather Update: दिल्ली में मौसम का बदला मिज़ाज, राहत मिलेगी या बढ़ेंगी मुश्किलें?
दिल्ली में बादल और हल्की धुंध के आसार

राजधानी दिल्ली में बुधवार, 21 जनवरी को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में दिनभर हल्के बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कुछ स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा नजर आ सकता है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में धूप के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ने के संकेत
उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति के बाद अब प्रदेश में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, आज रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल सकता है।
23 जनवरी से यूपी में मौसम लेगा यू-टर्न
लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 21 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है। इसी कारण सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। हालांकि 23 जनवरी से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट सुनाई दे सकती है और कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 24 जनवरी को भी यह स्थिति कई शहरों में बनी रह सकती है।
इन जिलों में आज साफ रहेगा मौसम

आज वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, चित्रकूट, आगरा, मेरठ, झांसी, फिरोजाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर, बस्ती, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर और आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर सुबह हल्का कोहरा दिख सकता है, लेकिन दिन के समय तेज धूप निकलने से मौसम सुहावना रहेगा।
बिहार में ठंड से मिलने लगी राहत
बिहार में भी कड़ाके की ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले चार दिनों तक सुबह के समय हल्का कुहासा देखने को मिल सकता है, जबकि दिन में धूप निकलने से ठंड का असर कम महसूस होगा।
Kal Ka Mausam: बर्फबारी का अलर्ट! दिल्ली समेत अन्य राज्यों का जाने हाल









