Weather Forecast: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में मौसम के गंभीर मिजाज़ को देखते हुए जिलेवार ‘नाउकास्ट’ (तत्काल मौसम) चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार, अगले दो से तीन घंटों के दौरान कई इलाकों में भयंकर आंधी-तूफान, बिजली गिरने, भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।
Weather Update: दिल्ली का मौसम लेगा यू-टर्न! IMD ने बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया
पटियाला में मौसम का सबसे खतरनाक ‘रेड अलर्ट’
मौसम विभाग ने पंजाब के पटियाला जिले के लिए सबसे गंभीर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसका मतलब है कि वहां मौसम की स्थिति बेहद खतरनाक होने वाली है और तुरंत सुरक्षात्मक कदम उठाने की आवश्यकता है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दौरान बिजली की तेज गर्जना, लगभग 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं और 15 मिमी/घंटा से अधिक की भारी बारिश हो सकती है।
प्रशासन ने पटियाला के नागरिकों को कड़ी सलाह दी है कि वे पूरी तरह से घर के अंदर रहें और अत्यधिक आवश्यकता न होने पर किसी भी प्रकार की यात्रा करने से बचें।
उत्तर प्रदेश समेत इन राज्यों के जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’
पटियाला के अलावा देश के कई अन्य राज्यों के प्रमुख जिलों में भी ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और मध्यम से भारी बारिश (5-15 मिमी/घंटा या उससे अधिक) होने की प्रबल संभावना है।
उत्तर प्रदेश: यूपी के जिन प्रमुख जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, उनमें लखनऊ, अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, प्रतापगढ़, रायबरेली और उन्नाव शामिल हैं। इन इलाकों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश के पूरे आसार हैं।
अन्य राज्य: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर और एसएएस नगर; हरियाणा के अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल और कुरुक्षेत्र; मध्य प्रदेश के भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर कलां और शिवपुरी; तथा उत्तराखंड के बागेश्वर, देहरादून, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिले भी इस चेतावनी के दायरे में हैं।
इसके अलावा केरल (कासरगोड), कर्नाटक (दक्षिण कन्नड़, शिवमोग्गा, उडुपी), पश्चिम बंगाल (उत्तर दिनाजपुर), मणिपुर, नागालैंड और असम के चुनिंदा जिलों में भी भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट लागू है।
मौसम विभाग की हिदायत और सुरक्षा उपाय
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बदलती मौसमी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और ‘येलो अलर्ट’ तथा जिलेवार नाउकास्ट की सटीक जानकारियों के लिए केवल IMD के आधिकारिक मौसम पोर्टल का ही उपयोग करें। खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के पास जाने से बचें ताकि किसी भी अनहोनी दुर्घटना से सुरक्षित रहा जा सके।










