Weather News: 3 अक्टूबर को 13 राज्यों में बारिश, यूपी-बिहार में सूखा मौसम

3 अक्टूबर को देश के 13 राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। IMD के मुताबिक दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हिमाचल और राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि आगे बारिश के संकेत हैं।

Weather News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 2, 2026

Weather News: 3 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शनिवार को 13 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में भी वर्षा की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

तमिलनाडु और केरल में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

Weather News

मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 3 अक्टूबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं केरल और माहे में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में दक्षिण भारत के तटीय और प्रभावित इलाकों में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम ?

बताते चले कि, उत्तर प्रदेश में 3 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। IMD के सात दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों में शनिवार को बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बनी हुई हैं। अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों से भी मानसून की वापसी आगे बढ़ सकती है। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है।

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अक्टूबर के पहले सप्ताह में बारिश के आसार

Weather News

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 8 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना है। यानी 3 अक्टूबर को यूपी में मौसम साफ और शुष्क रह सकता है, लेकिन अगले कुछ दिनों में कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां दोबारा देखने को मिल सकती हैं।

3 अक्टूबर को कैसा रहेगा बिहार का मौसम ?

बिहार में भी 3 अक्टूबर को बारिश की संभावना नहीं है। IMD के पूर्वानुमान में 2 से 4 अक्टूबर तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 5 से 8 अक्टूबर के बीच बिहार के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। 6 से 8 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में बिहार के कुछ हिस्सों से भी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी आगे बढ़ सकती है।

राजधानी में आसमान साफ, तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान

Weather News

दिल्ली में 3 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। IMD के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। दोपहर में हवा की गति 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि शाम और रात में पश्चिमी हवाओं के साथ इसकी रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

3 अक्टूबर को बारिश से राहत, 5 अक्टूबर से मौसम बदलने के संकेत

हिमाचल प्रदेश में 3 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार, 2 से 4 अक्टूबर तक राज्य में बारिश की संभावना कम है। हालांकि 5 अक्टूबर से पहाड़ी इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 5 अक्टूबर को कुछ हिस्सों में बारिश और 6-7 अक्टूबर को बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

राजस्थान में 3 अक्टूबर को सूखा मौसम, मानसून की वापसी तेज

Weather News

राजस्थान में भी 3 अक्टूबर को बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 2 से 4 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में 5 अक्टूबर तक भी बारिश के आसार कम हैं। इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की राजस्थान के बाकी हिस्सों से वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले 24 घंटे में राज्य के बचे हिस्सों से मानसून की वापसी आगे बढ़ सकती है।