Virat Kohli Test Retirement: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और सुपरस्टार विराट कोहली ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी की संभावना शून्य है। रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान जब उनसे यह पूछा गया कि क्या वह अपनी सफेद जर्सी को फिर से पहनना चाहेंगे, तो कोहली ने बेहद मजाकिया अंदाज में इसका जवाब दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा कि वह अपने ब्रांड के नए जूतों की कम बिक्री स्वीकार कर लेंगे, लेकिन टेस्ट क्रिकेट के मैदान पर दोबारा कदम नहीं रखेंगे। कोहली ने पिछले वर्ष ही टेस्ट प्रारूप से संन्यास ले लिया था, जिसमें उन्होंने कुल 9,230 रन बनाकर एक शानदार विरासत छोड़ी है।
नए जूतों का टेस्ट रन से अनोखा कनेक्शन
बताते चले कि, विराट कोहली ने अपने नए लॉन्च किए गए जूतों को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने इन जूतों की कीमत बिल्कुल अपने टेस्ट करियर के कुल रनों (9,230) के बराबर रखी है। वन8 ग्लोबल के प्रीमियर कार्यक्रम में जब उनसे मजाक में यह पूछा गया कि क्या वे अपने लाल रंग के जूतों की बिक्री और मुनाफा बढ़ाने के लिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे—क्योंकि ये जूते टेस्ट क्रिकेट में उनके समर्पण से प्रेरित हैं—तो उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी। कोहली ने मजाकिया लहजे में कहा, “मैं जूतों की कम बिक्री होना पसंद करूंगा, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में वापसी नहीं करूंगा। मैं अब इस प्रारूप से काफी आगे निकल चुका हूं।” उनके इस बेबाक जवाब पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
हार न मानने का जज्बा और यादगार पारियां
बातचीत के दौरान कोहली ने अपने करियर के उस रवैये पर विस्तार से चर्चा की, जिसने उन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार किया है। उन्होंने ‘कभी हार न मानने’ वाले अपने जुनून के बारे में बताते हुए 2022 टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेली गई अपनी ऐतिहासिक पारी का उदाहरण दिया। उस मुकाबले में उनकी अविश्वसनीय बल्लेबाजी ने न केवल भारत को जीत दिलाई थी, बल्कि यह साबित किया था कि दबाव के पलों में कोहली का मानसिक धैर्य किस स्तर का है। यही मानसिक मजबूती आज भी उन्हें खेल के प्रति समर्पित रखती है।
वर्ल्ड कप 2027 के लिए फिट होने की चुनौती
वर्तमान में विराट कोहली केवल वनडे क्रिकेट पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हालांकि, हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में चोट के कारण वे टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे। अब उनकी निगाहें इंग्लैंड दौरे पर टिकी हैं, जहां उन्हें टीम इंडिया में शामिल किया गया है। हालांकि, उनका इंग्लैंड जाना आज होने वाले फिटनेस टेस्ट के नतीजों पर निर्भर करेगा। कोहली का एकमात्र बड़ा लक्ष्य 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतना है, और अपनी फिटनेस बनाए रखने के लिए वे कड़ी मेहनत कर रहे हैं ताकि आगामी वैश्विक आयोजनों में भारतीय टीम को मजबूती दे सकें।










