Raksha Bandhan: विराट कोहली की कलाई पर दिखी राखी, बहन भावना ने शेयर की खास तस्वीर

रक्षाबंधन के मौके पर विराट कोहली ने अपनी बहन भावना कोहली से राखी बंधवाई। भावना ने विराट की कलाई की तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कर भावुक संदेश लिखा, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। तस्वीर में विराट का टैटू भी नजर आया। अब फैंस उनकी अगली वनडे सीरीज में वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 28, 2026

Raksha Bandhan:  देशभर में शुक्रवार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। भाई-बहन के इस खास पर्व पर आम लोगों से लेकर बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की हस्तियां भी अपने परिवार के साथ त्योहार मनाती नजर आ रही हैं। इसी बीच भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी रक्षाबंधन के रंग में रंगे नजर आए।विराट कोहली ने अपनी बहन भावना कोहली से राखी बंधवाई। भावना ने अपने भाई विराट की कलाई पर राखी बांधते हुए एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की। तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी और फैंस इस भाई-बहन की बॉन्डिंग को खूब पसंद कर रहे हैं।

विराट कोहली की राखी की तस्वीर में दिखा टैटू

बताते चले कि, भावना द्वारा शेयर की गई तस्वीर में विराट कोहली का चेहरा नजर नहीं आ रहा है। तस्वीर में सिर्फ उनकी कलाई दिखाई दे रही है, जिस पर राखी बंधी हुई है। साथ ही विराट के हाथ पर बना टैटू भी साफ नजर आ रहा है। भावना कोहली ढींगरा ने इस तस्वीर के साथ बेहद भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा कि जिंदगी दोनों को चाहे जहां ले जाए, उनकी दुआएं हमेशा विराट तक पहुंचती रहेंगी। बहन के इस प्यारे संदेश ने फैंस का ध्यान खींच लिया।

विराट कोहली ने रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही बंधवाई थी राखी?

विराट कोहली की राखी से जुड़ी तस्वीर को लेकर एक दिलचस्प बात भी सामने आई है। दरअसल, विराट कोहली को गुरुवार, 27 अगस्त को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। उस दौरान उनकी कलाई पर राखी जैसी चीज नजर आ रही थी। ऐसे में माना जा रहा है कि विराट ने संभवतः रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही अपनी बहन भावना से राखी बंधवा ली थी। हालांकि, भावना ने राखी बांधने की तस्वीर त्योहार वाले दिन यानी 28 अगस्त को सोशल मीडिया पर साझा की।

Team India में विराट कोहली की वापसी

रक्षाबंधन के बीच विराट कोहली के क्रिकेट करियर को लेकर भी फैंस की नजरें उनकी अगली सीरीज पर टिकी हुई हैं। विराट कोहली अब भारतीय टीम के लिए केवल वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में उपलब्ध हैं। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। टीम इंडिया को सितंबर-अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। यह सीरीज भारत की सरजमीं पर होगी और इसकी शुरुआत 27 सितंबर से होने की जानकारी है। दूसरा वनडे 30 सितंबर, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेल सकते हैं विराट

विराट कोहली के इस वनडे सीरीज में खेलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, अभी भारतीय टीम का आधिकारिक चयन नहीं हुआ है। कोहली ने भारत के लिए पिछली वनडे सीरीज जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी। इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट कोहली ने क्रमशः 5, 65 और 74 रन बनाए थे। आखिरी मुकाबलों में उनके प्रदर्शन को देखते हुए फैंस को वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद होगी।

फिलहाल विराट कोहली फिट बताए जा रहे हैं। ऐसे में अगर चयनकर्ताओं की योजना में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता है, तो उनके वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में मैदान पर उतरने की संभावना काफी मजबूत है। फिलहाल रक्षाबंधन के मौके पर बहन भावना का विराट के लिए भावुक संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।