Guinness World Records: गिनीज बुक ने कोहली के जिस पहले रिकॉर्ड को सराहा है, वह है टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज होना। विराट कोहली अब तक 267 मैचों में 8,661 रन बना चुके हैं। क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप में निरंतरता की मिसाल पेश करते हुए कोहली ने रनों का ऐसा अंबार खड़ा कर दिया है, जिसे छू पाना फिलहाल किसी भी सक्रिय खिलाड़ी के लिए नामुमकिन नजर आता है। उनकी 39.54 की औसत और 132.85 का स्ट्राइक रेट उनकी क्लास को दर्शाता है।
उपलब्धि को एक ‘अजेय कीर्तिमान’ के रूप में दर्ज
कोहली के नाम दर्ज दूसरा बड़ा कीर्तिमान एक आईपीएल संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का है। साल 2016 के उस यादगार सीजन को क्रिकेट प्रेमी कभी नहीं भूल सकते, जब कोहली के बल्ले से रिकॉर्ड 973 रन निकले थे। गिनीज बुक ने इस उपलब्धि को एक ‘अजेय कीर्तिमान’ के रूप में दर्ज किया है। उस सीजन में विराट ने न केवल रनों की बारिश की थी, बल्कि अपनी कप्तानी में टीम को फाइनल तक का रास्ता भी दिखाया था।
सबसे ज्यादा सेंचुरी और फिफ्टी का अनोखा कीर्तिमान
बैटिंग रिकॉर्ड्स की फेहरिस्त यहीं खत्म नहीं होती। विराट कोहली आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक शतक लगाने वाले क्रिकेटर (Most IPL Centuries) भी हैं, जिनके नाम अब तक 8 सेंचुरी दर्ज हैं। इसके साथ ही, 63 अर्धशतकों के साथ वह सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी शीर्ष पर काबिज हैं। उनकी यह बल्लेबाजी की महारत साबित करती है कि क्यों उन्हें दुनिया का सबसे खतरनाक टी-20 ओपनर माना जाता है।
मैदान पर सबसे ज्यादा कैच लपकने का फील्डिंग रिकॉर्ड
विराट केवल बल्ले से ही नहीं, बल्कि अपनी फील्डिंग से भी मैच का पासा पलटना जानते हैं। गिनीज बुक ने उनके सर्वश्रेष्ठ फील्डिंग रिकॉर्ड (Leading Fielder with Most Catches) को भी जगह दी है। मैदान पर सबसे फुर्तीले खिलाड़ियों में शुमार कोहली ने अब तक कुल 117 कैच लपके हैं। यह आंकड़ा किसी भी गैर-विकेटकीपर खिलाड़ी के लिए आईपीएल में एक बड़ा मील का पत्थर है, जो उनकी फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण को जगजाहिर करता है।
आईपीएल 2026 के लिए ‘विराट’ तैयारी
आगामी सीजन यानी आईपीएल 2026 के लिए कोहली का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के इंट्रा-स्क्वाड अभ्यास मैचों में कोहली ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है। पहले मैच में महज 12 गेंदों पर 29 रन और दूसरे अभ्यास मैच में सिर्फ 19 गेंदों में 45 रनों की तूफानी पारियां खेलकर उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि ‘किंग’ अपनी गद्दी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है। फैंस को उम्मीद है कि इस बार कोहली का बल्ला 9000 रनों के जादुई आंकड़े को भी पार कर लेगा।









