Virat Kohli Anushka Sharma Premanand Ji Maharaj : आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम करने के 48 घंटे के भीतर ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे हैं। आरसीबी की इस ऐतिहासिक जीत के बाद विराट का यह आध्यात्मिक दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है कि आईपीएल के मौजूदा सीजन के दौरान अक्षय तृतीया के अवसर पर भी यह दंपति वृंदावन के दर्शन के लिए आया था। जीत की खुशी और आभार व्यक्त करने के लिए विराट ने एक बार फिर इस पवित्र नगरी का रुख किया है।
प्रेमानंद जी महाराज के साथ एकांत में 45 मिनट की चर्चा
बताते चले कि, विराट कोहली लंबे समय से प्रेमानंद जी महाराज के अनुयायी रहे हैं और अक्सर उनका मार्गदर्शन व आशीर्वाद लेने वृंदावन आते हैं। इस बार भी जीत के तुरंत बाद, उन्होंने सुबह करीब 4 बजे यमुना किनारे स्थित कुटिया में प्रेमानंद महाराज से एकांत में भेंट की। लगभग 45 मिनट तक चली इस आध्यात्मिक चर्चा के दौरान विराट और अनुष्का नंगे पैर नजर आए। इस अवसर पर दोनों ने गले में तुलसी की माला और माथे पर तिलक धारण कर रखा था, जो उनकी गहरी धार्मिक निष्ठा को दर्शाता है।
गुरुदेव के आश्रम में भी किया नमन
प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद, विराट और अनुष्का ने उनके गुरुदेव श्री हित गौरंगी शरण महाराज जी के आश्रम पहुंचकर उनका भी आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने लगभग 30 मिनट तक आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। दादा गुरु बड़े महाराज जी से मुलाकात के बाद यह दंपति पूरी तरह से भक्ति के रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया। विराट का यह समर्पण उनके निजी जीवन और खेल के प्रति उनके अनुशासित दृष्टिकोण के बीच के संतुलन को स्पष्ट करता है।
शानदार फॉर्म में रहे ‘किंग कोहली’
खेल के मैदान की बात करें तो, 37 वर्षीय विराट कोहली के लिए आईपीएल 2026 बेहद शानदार रहा। उन्होंने 16 मैचों में 56 के प्रभावशाली औसत और 166 के करियर-सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट से कुल 675 रन बनाए। टूर्नामेंट में उन्होंने पांच अर्धशतक और एक शानदार शतक जड़कर अपनी उपयोगिता सिद्ध की। फाइनल मुकाबले में भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने वाले विराट ने यह साबित कर दिया कि बढ़ती उम्र के साथ भी उनकी फिटनेस और फॉर्म बेजोड़ है। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने आरसीबी को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।










