UP Politics: UP में 2027 की तैयारी तेज, विनोद तावड़े ने अखिलेश के PDA पर साधा निशाना

यूपी बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े पहली बार लखनऊ पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के PDA पर निशाना साधते हुए इसे ‘पराया धन अपना’ बताया। तावड़े ने 2027 विधानसभा चुनाव में NDA की जीत का दावा किया। सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम और RSS नेताओं से भी बैठक करेंगे।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 5, 2026

UP Politics: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के नव-नियुक्त प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश पहुंचे। लखनऊ स्थित बीजेपी कार्यालय में उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। बताया गया कि बैठकों का सिलसिला रविवार, 6 सितंबर को भी जारी रहेगा।

BJP कार्यालय में विनोद तावड़े की पदाधिकारियों से बैठक

बताते चले कि, बैठक में विनोद तावड़े ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों से संवाद किया और प्रदेश में संगठन की मौजूदा स्थिति को समझने की कोशिश की। उनकी पहली यात्रा को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के संगठनात्मक रोडमैप के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की तैयारियों, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर आगे भी कई दौर की बैठकें प्रस्तावित हैं।

विनोद तावड़े ने अखिलेश यादव के PDA पर बोला हमला

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान विनोद तावड़े ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के PDA को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “PDA का मतलब पराया धन अपना।” तावड़े ने बीजेपी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की भी तारीफ की और कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। बीजेपी प्रभारी के इस बयान को आगामी चुनाव से पहले सपा के सामाजिक समीकरण और PDA रणनीति पर सीधे राजनीतिक पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है।

UP Assembly Election 2027 को लेकर विनोद तावड़े का बड़ा दावा

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी विनोद तावड़े ने बीजेपी की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी के निर्देशन में एनडीए के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और जीत हासिल करेंगे। उन्होंने दावा किया कि चुनाव जीतने के बाद एनडीए एक बार फिर अगले पांच वर्षों के लिए उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा में समर्पित रहेगा। उन्होंने सपा के PDA को नाकाम करने का भी दावा किया। ऐसे में तावड़े की पहली लखनऊ यात्रा को 2027 के चुनावी अभियान की शुरुआती तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

यूपी बीजेपी में चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

विनोद तावड़े अपनी नई जिम्मेदारी के तहत उत्तर प्रदेश की राजनीतिक, चुनावी और संगठनात्मक स्थिति का आकलन करेंगे। उनकी यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें होंगी, जिनमें 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बीजेपी के लिए उत्तर प्रदेश बेहद अहम राज्य है और ऐसे में नए प्रभारी के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी समीकरणों को साधने की चुनौती भी है। तावड़े की बैठकों में जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी तैयारियों पर विशेष फोकस रहने की उम्मीद है।

सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम से मिलेंगे विनोद तावड़े

अपनी यूपी यात्रा के दौरान विनोद तावड़े दो सत्रों में कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। इस दौरान वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ बातचीत करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों और बीजेपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है।

इन बैठकों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, आगामी चुनाव की तैयारियों और प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक स्थिति को लेकर विचार-विमर्श होगा। तावड़े की पहली यात्रा में संगठन से लेकर सरकार तक के शीर्ष नेताओं के साथ संवाद को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अभी से अपनी सियासी बिसात मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है।