Vietnam Boat Accident: वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से जुड़ी एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। फु क्वोक द्वीप के नजदीक भारतीय यात्रियों को ले जा रही एक पर्यटक नाव अचानक पलट गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह लगातार स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास की ओर से कहा गया कि हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और राहत एवं बचाव कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Vietnam Boat Accident: भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, वियतनाम में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पर्यटकों को लेकर जा रही स्पीडबोट समुद्र में पलटी
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना वियतनाम के फु क्वोक द्वीप क्षेत्र में हुई। फु क्वोक स्पेशल इकोनॉमिक जोन के अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे ओशन पियर आइलैंड कंपनी की एक स्पीडबोट पर्यटकों को होन में रुट से एन थोई पोर्ट की ओर लेकर जा रही थी। यह स्थान फु क्वोक एयरपोर्ट से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसी दौरान होन में रुट न्गोई इलाके के पास अचानक नाव पलट गई। हादसे के समय नाव में सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए।
नाव पलटने के बाद आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाओं ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। एक रेस्क्यू नाव के संचालक ने बताया कि उनकी नाव घटना स्थल पर महज पांच मिनट के भीतर पहुंच गई थी, लेकिन बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा क्योंकि कई लोग पलटी हुई नाव के अंदर फंस गए थे।
तेज समुद्री लहरों के बीच चला बचाव अभियान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मौसम में बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन समुद्र में लहरें काफी तेज थीं। इस कारण राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। बताया गया कि कई यात्री हादसे के बाद बेहोशी की हालत में थे। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय किया। एन थोई बॉर्डर गार्ड ने घटनास्थल पर दो जहाज और करीब 35 अधिकारियों व सैनिकों को भेजा। रेस्क्यू अभियान में नौसेना, कोस्ट गार्ड और अन्य सुरक्षा बलों ने मिलकर काम किया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद नाव में सवार सभी 36 लोगों को समुद्र से निकालकर सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
15 लोगों की मौत, मृतकों में 2 महिलाएं और 13 पुरुष शामिल
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में 21 लोगों की जान बचाई गई, जबकि 15 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और भारतीय अधिकारियों की ओर से पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
भारतीय दूतावास ने बनाए कंट्रोल रूम
घटना के बाद भारतीय दूतावास ने प्रभावित लोगों और उनके परिवारों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की है। हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारत के वाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। दूतावास ने सहायता और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जरूरतमंद लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम:
+84 36 281 7930
+84 91 552 37 14
+84 33 452 0414
इसके अलावा हनोई में भी एक सहायता केंद्र बनाया गया है, जहां संपर्क के लिए नंबर जारी किया गया है:
हनोई कंट्रोल रूम:
+84 91 308 9165
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद के लिए उपलब्ध है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।










