Varanasi Air Show: काशी एयर शो में कहीं रोमांच, कहीं निराशा, जानें कौन-सा घाट है बेस्ट

वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखने के लिए गंगा के घाटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। डोमरी, राजघाट और दशाश्वमेध से फाइटर जेट के शानदार करतब दिख रहे हैं, जबकि अस्सी से केदारघाट तक कुछ दर्शक निराश हैं। जानिए 25 अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम से पहले एयर शो देखने के लिए कौन-से घाट बेहतर हैं।

Varanasi Air Show

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 24, 2026

Advertisements
728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

Varanasi Air Show: वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखने के लिए गंगा के घाटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। डोमरी, राजघाट और दशाश्वमेध से विमानों के शानदार करतब देखने को मिल रहे हैं, जबकि अस्सी से केदारघाट तक पहुंचे कई दर्शकों को निराशा हाथ लगी।

गंगा के ऊपर एयर शो देखने के लिए घाटों पर उमड़ी भीड़

गंगा के ऊपर एयर शो देखने के लिए घाटों पर उमड़ी भीड़

वाराणसी में गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना का एयर शो लोगों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है। आसमान में फाइटर जेट की तेज रफ्तार उड़ान और विमानों के हैरतअंगेज करतब देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग गंगा के घाटों पर पहुंच रहे हैं। कोई परिवार के साथ इस नजारे को देखने आया है, तो कोई मोबाइल में विमानों की तस्वीरें और वीडियो कैद करने में जुटा है। हालांकि, हर घाट से एयर शो का नजारा एक जैसा नहीं दिख रहा है। कुछ जगहों पर लोगों को शानदार दृश्य देखने को मिल रहे हैं, जबकि कुछ घाटों पर घंटों इंतजार करने के बाद भी दर्शकों को मनचाहा नजारा नहीं मिल पा रहा है।

डोमरी से दिख रहे फाइटर जेट के शानदार करतब

गंगा पार स्थित डोमरी इन दिनों एयर शो देखने के लिए खास जगह बनकर उभरा है। यहां से फाइटर जेट और दूसरे विमानों की उड़ान अपेक्षाकृत साफ दिखाई दे रही है। गंगा के ऊपर चक्कर लगाते हुए विमान जब डोमरी की तरफ से गुजरते हैं, तो दर्शकों को उनके करतब देखने का अच्छा मौका मिलता है। यही वजह है कि यहां भी लोग पहुंचकर आसमान में होने वाले इस रोमांचक प्रदर्शन का आनंद ले रहे हैं।

जिन लोगों के पास नमो घाट पर प्रवेश के लिए जारी विशेष पास नहीं है, उनके लिए डोमरी एक अच्छा विकल्प बन सकता है। यहां से एयर शो देखने के साथ लोग गंगा के पार से विमानों की गतिविधियों को करीब से देखने की कोशिश कर रहे हैं।

अस्सी से केदारघाट तक पहुंचे दर्शकों को हुई निराशा

एक तरफ कुछ घाटों से विमानों के शानदार करतब देखने को मिल रहे हैं, तो दूसरी तरफ अस्सी घाट से केदारघाट तक पहुंचे कई दर्शकों को निराशा का सामना करना पड़ा। अस्सी घाट पर कुछ लोग काफी देर तक विमानों के गुजरने का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें सभी विमानों की उड़ान साफ दिखाई नहीं दी।

728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital
अस्सी से केदारघाट तक पहुंचे दर्शकों को हुई निराशा

केदारघाट पर भी दर्शकों को तस्वीरें लेने में परेशानी हुई। यहां सारंग हेलीकॉप्टर टीम और हार्वर्ड विमान के अलावा दूसरे विमानों को कैमरे में कैद करना कई लोगों के लिए आसान नहीं रहा। दरअसल, विमानों के उड़ान मार्ग और घाटों की भौगोलिक स्थिति के कारण हर जगह से एयर शो का नजारा अलग-अलग दिखाई दे रहा है।

राजघाट और दशाश्वमेध से भी दिख रहा बेहतरीन नजारा

एयर शो देखने के लिए राजघाट और भैंसासुर घाट भी बेहतर जगहों में शामिल हैं। यहां से दर्शकों को विमानों की कलाबाजी देखने के अच्छे मौके मिल रहे हैं। इसके अलावा गायघाट, पंचगंगा घाट, सिंधिया घाट, ललिता घाट और दशाश्वमेध घाट के आसपास से भी आसमान में होने वाले इस प्रदर्शन को देखा जा सकता है।

दशाश्वमेध घाट पहुंचे कई दर्शकों ने विमानों को बेहतर तरीके से देखने की बात कही। वहीं, ललिता घाट के आसपास हेलीकॉप्टर से कमांडो के रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन भी लोगों के आकर्षण का हिस्सा बना हुआ है। इस तरह एयर शो में सिर्फ फाइटर जेट ही नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर और कमांडो के प्रदर्शन को लेकर भी लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

25 अक्टूबर को एयर शो का मुख्य कार्यक्रम, प्रशासन की अपील

वाराणसी में भारतीय वायुसेना का एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। 25 अक्टूबर को इसका मुख्य कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में दर्शकों की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। एयर शो देखने जाने वाले लोगों को पहले से अपने दर्शक स्थल की योजना बना लेनी चाहिए, ताकि मौके पर पहुंचकर उन्हें परेशानी न हो।

नमो घाट पर प्रवेश के लिए विशेष पास की व्यवस्था होने के कारण बिना पास वाले दर्शकों को दूसरे उपयुक्त घाटों का विकल्प चुनना चाहिए। साथ ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करना जरूरी है। अगर आप भी एयर शो देखने की तैयारी कर रहे हैं, तो घाट चुनने से पहले वहां से विमानों का नजारा कैसा दिखाई देता है, इस बात का ध्यान जरूर रखें।