
Varanasi Air Show 2026: वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा घाटों से लेकर नमो घाट और गंगा पार रेती तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की रिहर्सल ने लोगों में रोमांच भर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
वाराणसी एयर शो से पहले हाई अलर्ट
काशी में इन दिनों नजारा बदला हुआ है। शहर की सड़कों से लेकर गंगा घाटों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। एयर शो को देखते हुए घाटों पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। गंगा पार रेती में भी लोगों के बैठने वाली जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

रिहर्सल के दौरान गंगा में नावों का संचालन बंद रखा गया। वायुसेना के अधिकारियों के काफिले लगातार नमो घाट की ओर आते-जाते दिखाई दिए। काफिले के गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए दूसरे वाहनों की आवाजाही भी रोकी गई।
गंगा के ऊपर गरजे राफेल और तेजस, सारंग के करतबों ने मोहा मन
सोमवार सुबह करीब 8 बजे से गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की आवाजाही शुरू हो गई। राफेल और तेजस जैसे विमानों की तेज उड़ान ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं सारंग हेलीकॉप्टर टीम के एरोबेटिक करतब भी आकर्षण का केंद्र रहे।घाटों पर मौजूद लोगों के साथ आसपास के घरों की छतों से भी लोगों ने विमानों का प्रदर्शन देखा और मोबाइल में रिकॉर्ड किया। वाराणसी के अलावा गाजीपुर और चंदौली के कई इलाकों में भी विमानों की आवाज सुनाई दी। रिहर्सल का सिलसिला दोपहर करीब 3 बजे तक चला।
‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर होगा भव्य एयर शो
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर एयर शो प्रस्तावित है। इसमें लड़ाकू विमानों की तेज उड़ान, नियंत्रित मोड़ और आसमान में अलग-अलग करतब देखने को मिलेंगे। हेलीकॉप्टरों की एक साथ उड़ान और निर्धारित दूरी बनाए रखते हुए दिशा बदलने जैसे प्रदर्शन भी लोगों के लिए खास आकर्षण होंगे।
वायुसेना के अधिकारी मंगलवार को एयर शो का विस्तृत शेड्यूल साझा करेंगे। इसमें विमानों के प्रदर्शन का समय, कार्यक्रम की रूपरेखा और शामिल होने वाली टीमों की जानकारी दी जाएगी।
अलग-अलग एयरबेस से उड़ान भर रहे विमान
एयर शो की तैयारियों के लिए बाबतपुर, प्रयागराज, गाजीपुर के अंधऊ और गोरखपुर स्थित एयरबेस के बीच समन्वय किया जा रहा है। गाजीपुर के अंधऊ हवाई पट्टी से चिनूक और लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर यानी एलसीएच के उड़ान भरने की जानकारी भी सामने आई है।कार्यक्रम में प्रचंड हेलीकॉप्टर, आईएल-76 और सी-295 जैसे सैन्य विमानों की क्षमताओं को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है। हालांकि, एयर शो में कौन-कौन से विमान किस दिन प्रदर्शन करेंगे, इसकी अंतिम जानकारी आधिकारिक शेड्यूल जारी होने के बाद ही साफ होगी।
प्रधानमंत्री मोदी समेत कई बड़े नेताओं के आने की संभावना
एयर शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आने का कार्यक्रम बताया जा रहा है। इसके अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा है। वीवीआईपी मेहमानों की अंतिम सूची और कार्यक्रम का ब्योरा आधिकारिक जानकारी के बाद स्पष्ट होगा।
दीवारों पर दिखेगी गंगा की झलक
एयर शो से पहले वाराणसी को सजाने-संवारने का काम भी तेजी से चल रहा है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख सड़कों, फ्लाईओवर, अंडरपास और भवनों को नया रूप दिया जा रहा है। दीवारों पर गंगा की लहरों, घाटों, गंगा आरती और सुबह-ए-बनारस से जुड़े चित्र बनाए जा रहे हैं। चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एक जैसी रंगत देने के साथ पेड़ों, पुलों और बिजली के खंभों पर आकर्षक लाइटिंग लगाई जा रही है। डिवाइडर पर डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीक वाले झंडे लगाने की भी तैयारी है।

एयर शो के दौरान काशी की सांस्कृतिक पहचान और भारतीय वायुसेना की ताकत का अनोखा संगम देखने को मिल सकता है। अब लोगों की नजर आधिकारिक शेड्यूल और कार्यक्रम के अंतिम सुरक्षा इंतजामों पर है।











