Varanasi News: वाराणसी में गरजेगा वायुसेना का दमखम, एयर शो से पहले CM योगी का बड़ा प्लान

वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। 25 अक्टूबर को मुख्य समारोह प्रस्तावित है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति संभावित है।

Varanasi News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 3, 2026

Varanasi News: वाराणसी की पावन धरती जल्द ही भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामर्थ्य की गवाह बनने जा रही है। गंगा के तट पर स्थित नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित वाराणसी एयर शो को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक कर एयर शो की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। प्रस्तावित कार्यक्रम का मुख्य समारोह 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाना है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति संभावित बताई गई है।

वाराणसी एयर शो में दिखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य और सामर्थ्य

Varanasi News

बताते चले कि, काशी में होने वाला यह एयर शो धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ देश की सैन्य क्षमता का भी भव्य प्रदर्शन प्रस्तुत करेगा। गंगा की अविरल धारा के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना और हवाई करतब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने की संभावना है। प्रशासन का अनुमान है कि एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ श्रद्धालु और पर्यटक भी वाराणसी पहुंच सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

एयर शो की तैयारियों में दर्शक दीर्घा से लेकर मीडिया एरीना तक की व्यवस्था

बैठक के दौरान भारतीय वायुसेना, वाराणसी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने आयोजन की पूरी कार्ययोजना प्रस्तुत की। अधिकारियों ने नमो घाट पर प्रस्तावित दर्शक दीर्घाओं, ग्रैंड स्टैंड, विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित क्षेत्र, मीडिया एरीना, प्रवेश और निकास मार्गों की जानकारी दी। इसके अलावा सुरक्षा जांच केंद्रों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का भी विस्तृत खाका मुख्यमंत्री के सामने रखा गया।

नमो घाट और गंगा किनारे भीड़ प्रबंधन पर खास फोकस

Varanasi News

वाराणसी एयर शो के दौरान नमो घाट के साथ गंगा के तटवर्ती इलाकों में भी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों को जोन और सेक्टर में बांटकर व्यवस्थाएं संचालित करने की योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भीड़ की संभावित संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक जोन में पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और जरूरी सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। इससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में प्रशासन तेजी से कार्रवाई कर सकेगा।

एयर शो में यातायात, पार्किंग और दर्शकों की सुविधा पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर आम लोगों में काफी उत्सुकता है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्था को पहले से व्यवस्थित किया जाए। दर्शकों के आने-जाने के मार्ग स्पष्ट और सुगम होने चाहिए। साथ ही आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए सेक्टरवार पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती

एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक सेक्टर के लिए मजिस्ट्रेट की सुनियोजित तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संभावित आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कराने पर भी जोर दिया गया। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में संबंधित विभागों के बीच तत्काल समन्वय स्थापित करना है।

काशी के प्रमुख घाटों पर भी होगी विशेष व्यवस्था

Varanasi News

मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो का प्रभाव केवल नमो घाट तक सीमित नहीं रहेगा। काशी के प्रमुख घाटों और आसपास के क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं। ऐसे में घाटों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग और लोगों के जल एवं थल मार्ग से आवागमन को लेकर एकीकृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को संभावित भीड़ के दबाव वाले स्थानों की पहचान कर वहां पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आसपास के जिलों से आने वाली भीड़ को लेकर भी प्रशासन अलर्ट

वाराणसी एयर शो 2026 में आसपास के जिलों से भी लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल के सभी जिलाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों से आने वाले लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मानव संसाधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय किया जाए। भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

काशी में एयर शो के साथ सुरक्षा और सुविधा का बड़ा इंतजाम

Varanasi News

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एयर शो के दौरान काशी आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। आयोजन की भव्यता के साथ सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। ऐसे में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में होने वाला यह प्रस्तावित वाराणसी एयर शो काशी की सांस्कृतिक विरासत और भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन को एक मंच पर लाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बनने जा रहा है।