Vande Bharat Sleeper: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू, पीएम मोदी ने मालदा से दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी ने मालदा से भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इतिहास रच दिया है। क्या यह ट्रेन वाकई राजधानी एक्सप्रेस से भी बेहतर है? 180 किमी की रफ्तार, बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स और बिना किसी झटके के सुहाना सफर! आखिर क्या है इसका किराया और किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी?

Vande Bharat Sleeper

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 17, 2026

Vande Bharat Sleeper: भारत के रेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा से इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा और असम के प्रमुख धार्मिक स्थल कामाख्या के बीच चलेगी। इस सेवा के शुरू होने से पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिलेगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है वंदे भारत स्लीपर

नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें कुल 16 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एक साथ 823 यात्री यात्रा कर सकते हैं। यह ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलने में सक्षम है, जिससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। पूरी तरह वातानुकूलित यह ट्रेन किफायती किराए पर यात्रियों को विमान जैसी आरामदायक सुविधा देने का दावा करती है।

रेल मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेन के शुभारंभ से एक दिन पहले ही शुक्रवार शाम को मालदा पहुंच गए थे। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। रेल मंत्रालय का कहना है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आधुनिक भारत की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम है।

जानिए वंदे भारत स्लीपर का किराया

हावड़ा से कामाख्या तक थर्ड एसी (3AC) श्रेणी का किराया 2,299 रुपये तय किया गया है। इसी श्रेणी में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी का किराया 1,334 रुपये और मालदा टाउन तक 960 रुपये होगा।सेकंड एसी (2AC) में हावड़ा से कामाख्या का किराया 2,970 रुपये, न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1,724 रुपये और मालदा टाउन के लिए 1,240 रुपये रखा गया है।
वहीं फर्स्ट एसी (1AC) में हावड़ा से कामाख्या का किराया 3,640 रुपये, न्यू जलपाईगुड़ी का 2,113 रुपये और मालदा टाउन का 1,520 रुपये तय किया गया है।

पीएम मोदी के दो दिवसीय दौरे का एजेंडा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 और 18 जनवरी को पश्चिम बंगाल और असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण रेल और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह दौरा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

अमृत भारत एक्सप्रेस को भी दिखाएंगे हरी झंडी

18 जनवरी को प्रधानमंत्री गुवाहाटी (कामाख्या)-रोहतक और डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) के बीच चलने वाली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को वर्चुअली रवाना किया जाएगा, जो उत्तर बंगाल और उत्तर-पूर्व को दक्षिण भारत से जोड़ेंगी।

नई ट्रेनों से बढ़ेगी रोजगार और शिक्षा तक पहुंच

प्रधानमंत्री दो नई एलएचबी कोच वाली ट्रेन सेवाओं को भी शुरू करेंगे, जो राधिकापुर और बालुरघाट से एसएमवीटी बेंगलुरु तक चलेंगी। ये ट्रेनें छात्रों, युवाओं और आईटी पेशेवरों के लिए बेंगलुरु जैसे बड़े रोजगार केंद्रों तक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करेंगी।

830 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

18 जनवरी को पीएम मोदी हुगली जिले के सिंगूर में करीब 830 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से आधुनिक बुनियादी ढांचे और बेहतर कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा, जिससे पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत को विकास के नए अवसर मिलेंगे।

Read More : Jama Masjid Encroachment: Delhi में MCD का बड़ा एक्शन! Jama Masjid क्षेत्र में चलेगा बुलडोजर?