Vaibhav Sooryavanshi Record: आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने न केवल आक्रामक शुरुआत की, बल्कि एक ऐसा विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जिसे तोड़ना दिग्गज बल्लेबाजों के लिए भी बड़ी चुनौती होगा। मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज के खिलाफ अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर वैभव ने टी20 क्रिकेट में अपने 100 छक्कों का आंकड़ा पार कर लिया है।
वैभव सूर्यवंशी ने बनाया सबसे तेज 100 सिक्स लगाने का कीर्तिमान
बताते चले कि, वैभव सूर्यवंशी अब दुनिया के सबसे युवा और सबसे तेज 100 टी20 छक्के लगाने वाले क्रिकेट खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह जादुई आंकड़ा महज 514 गेंदों में छूकर महान बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के करणबीर सिंह (813 गेंद) और वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड (843 गेंद) के नाम था। सिराज की गेंद पर लगाया गया वह गगनचुंबी छक्का वैभव के करियर का एक ऐतिहासिक पल बन गया, जिसने उन्हें ‘सिक्सर किंग’ की फेहरिस्त में सबसे ऊपर खड़ा कर दिया है।
मोहम्मद सिराज बनाम वैभव सूर्यवंशी
आपको बता दे कि, मैच के पहले ही ओवर में वैभव और मोहम्मद सिराज के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। यशस्वी जायसवाल द्वारा स्ट्राइक दिए जाने के बाद वैभव ने सिराज की पहली ही गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजकर अपने इरादे साफ कर दिए। हालांकि, सिराज ने भी पलटवार करने में देरी नहीं की। एक तेज यॉर्कर से वैभव को छकाने के बाद, सिराज ने तीसरे ओवर में एक तीखी बाउंसर पर वैभव को चकमा दिया। 16 गेंदों में 36 रनों की तूफानी पारी खेलने के बाद वैभव, अरशद खान के हाथों कैच आउट हुए। सिराज का इस विकेट पर जश्न उनकी मेहनत और विकेट की अहमियत को बयां कर रहा था।
गुजरात टाइटंस की विशाल चुनौती
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने स्कोरबोर्ड पर 229 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। टीम की इस मजबूत स्थिति के पीछे कप्तान शुभमन गिल की 84 रनों की कप्तानी पारी और साई सुदर्शन के अर्धशतकीय (55 रन) योगदान का बड़ा हाथ रहा। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने राजस्थान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और मैदान के चारों ओर रन बटोरे। इसी आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत गुजरात ने राजस्थान के सामने जीत के लिए एक बेहद कठिन चुनौती पेश की।
राजस्थान रॉयल्स की करारी हार
नियमित कप्तान रियान पराग की अनुपस्थिति में टीम की कमान यशस्वी जायसवाल के हाथों में थी। लेकिन कप्तानी का दबाव यशस्वी की बल्लेबाजी पर साफ दिखा और वह केवल 3 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए। वैभव सूर्यवंशी की तेज शुरुआत के बावजूद मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। राजस्थान की पूरी टीम महज 152 रनों पर सिमट गई, जिसके परिणामस्वरूप गुजरात टाइटंस ने इस मुकाबले को 77 रनों के भारी अंतर से जीत लिया। राजस्थान के लिए यह हार एक बड़ा झटका है, जहाँ वैभव के रिकॉर्ड के अलावा टीम के पास खुश होने की कोई और वजह नहीं बची।










