Virender Sehwag on Vaibhav Suryavanshi: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा और विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने टी-20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जाने वाले क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का 14 साल पुराना ऐतिहासिक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। महज़ 15 साल के वैभव ने इस सीजन में अब तक कुल 65 छक्के जड़ दिए हैं, जो गेल के साल 2012 में बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड से कहीं आगे है। वैभव की इस चमत्कारी बल्लेबाजी ने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है।
हैदराबाद के खिलाफ तूफान
बताते चले कि, बुधवार को खेले गए दूसरे एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर गरजा। इस नॉकआउट मैच में उन्होंने हैदराबाद के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस आतिशी पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के लगाए। हालांकि, वैभव अपने हकदार शतक से महज 3 रन से चूक गए, लेकिन उनकी इस आक्रामक पारी ने राजस्थान रॉयल्स को मैच में बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
वीरेंद्र सहवाग का बड़ा बयान
आपको बता दे कि, मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे भारत के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग वैभव की बैटिंग देखकर पूरी तरह मंत्रमुग्ध हो गए। सहवाग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा, “मैंने अपने जीवन में ऐसी बेखौफ बल्लेबाजी नहीं देखी। मैंने भी भारत के लिए वनडे में कई तेज शतक बनाए हैं, लेकिन आज इस लड़के ने जो किया है, वह अकल्पनीय है। कोई सोच भी नहीं सकता था कि क्रिस गेल का 59 छक्कों का रिकॉर्ड एक 15 साल का बच्चा तोड़ देगा। अगर आज मैं टीम इंडिया का सिलेक्टर होता, तो इस लड़के को सीधे भारतीय सीनियर टीम में शामिल कर लेता।”
क्रिस गेल ने वैभव सूर्यवंशी को घोषित किया दुनिया की ‘नई सिक्स मशीन’
क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटने पर खुद वेस्टइंडीज के इस महान खिलाड़ी ने खेल भावना दिखाते हुए खुशी जाहिर की है। गेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। क्रिस गेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि वैभव एक अद्भुत और बेहद एंटरटेनिंग खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस युवा बल्लेबाज की प्रतिभा को सलाम करते हुए उन्हें क्रिकेट जगत की “नई सिक्स मशीन” (New Six Machine) के खिताब से नवाजा है।
IPL 2026 में रनों का अंबार
आईपीएल के इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी एक अलग ही स्तर पर रही है। उन्होंने अब तक खेले 15 मैचों में 242.85 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट के साथ कुल 680 रन कूट दिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शानदार शतक और चार धमाकेदार अर्धशतक भी निकले हैं। महज 15 साल की उम्र में दुनिया की सबसे मुश्किल क्रिकेट लीग में ऐसा प्रदर्शन करना यह साफ करता है कि वैभव भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं।










